इलेक्ट्रानिक दुकान में अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान
शिवपूजन पांडे, वजीरगंज

Gonda News
वजीरगंज,
शुक्रवार की रात करीब दस बजे अज्ञात कारणों से एक इलेक्ट्रानिक सामान की दुकान में भीषण आग लग गई, जिससे नकदी समेत लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी तेज थी कि दुकान के भीतर रखा अधिकांश स्टाक पूरी तरह नष्ट हो गया। यह घटना वजीरगंज थाना क्षेत्र के वजीरगंज-झिलाही मार्ग तुर्काडीहा बाजार बाबाकुट्टी की है। ग्राम पंचायत नियामतपुर निवासी सर्वेश तिवारी पुत्र बलदेव प्रसाद तिवारी की बाजार में इलेक्ट्रानिक दुकान थी। वह दुकान बंद कर अपने घर पहुंचा ही था तबतक पता लगा कि उसकी दुकान में भीषण आग लगी हुई है। शुक्रवार की रात करीब दस बजे दुकान में अचानक आग लग गई। बाजार वासियों को दुकान से धुआं उठता दिखाई दिया। इसकी सूचना तत्काल दुकान मालिक को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे दुकान मालिक ने शटर खोलकर स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था।
आग की चपेट में आकर दुकान में रखा बीस हजार रुपया, तीन लैपटॉप व इलेक्ट्रॉनिक का कीमती सामान जलकर खाक हो गए। लेखपाल वृजपाल ने बताया कि इस घटना में बीस हजार रुपये समेत कुल लगभग ढाई लाख रुपये तक का नुकसान होना अनुमानित किया गया है। रात में ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसओ दिनेश सिंह ने बताया आग शार्ट सर्किट से लगी है, हालांकि आग लगने के कारणों की छानबीन की जा रही है।