पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में शिक्षक-अभिभावक संघ की बैठक, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर हुआ मंथन
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, गोण्डा में 31 जुलाई 2026 को शिक्षक-अभिभावक संघ (पीटीए)/स्कूल मैनेजमेंट एंड डेवलपमेंट कमेटी (एसएमडीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भोला नाथ मिश्र ने की, जबकि प्रधानाचार्य एवं उपाध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार पांडेय के नेतृत्व एवं संरक्षण में विद्यालय की शैक्षणिक प्रगति, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा विभिन्न शैक्षिक एवं सहशैक्षिक गतिविधियों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 तथा नि:शुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम-2009 के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों की शैक्षणिक क्षमता के आधार पर प्रतिभाशाली एवं उपचारात्मक शिक्षण की आवश्यकता वाले छात्र-छात्राओं को चिह्नित कर उनके लिए विशेष कक्षाएं संचालित करने, पिछले 10 वर्षों के बोर्ड परीक्षा प्रश्नपत्रों का अभ्यास कराने, समय से पाठ्यक्रम पूरा करने, मासिक परीक्षाओं के नियमित आयोजन तथा समय-सारिणी के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय ड्रेस में समय से विद्यालय आने, विद्यालय अवधि में अनुशासित रहकर अध्ययन करने तथा पढ़ाई के प्रति गंभीर और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही विद्यालय पत्रिका, सड़क सुरक्षा कार्यक्रम, आपदा प्रबंधन, सचल विज्ञान प्रदर्शनी, विद्यालय परिसर की स्वच्छता, सफाई एवं मरम्मत, विद्युत व्यवस्था, मासिक परीक्षा, आगामी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों तथा शैक्षणिक पंचांग के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
बैठक में विधिक जागरूकता, विधिक साक्षरता, कानूनी सहायता, पौष्टिक एवं संतुलित आहार, संचारी रोगों से बचाव, टीकाकरण, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था तथा स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इंस्पायर अवार्ड, छात्रवृत्ति योजनाओं, अतुल महेश्वरी छात्रवृत्ति, राष्ट्रीय प्रतिभा एवं आय आधारित छात्रवृत्ति, राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा, पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण, राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस, विज्ञान एवं गणित प्रतियोगिताओं, शैक्षिक प्रदर्शनी तथा शैक्षणिक भ्रमण को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए सहायक अध्यापक (सामाजिक विज्ञान) एवं प्रभारी इको क्लब अभिजीत कुमार सिंह ने कहा कि कक्षा नौ एवं 11 के अनिवार्य पंजीकरण तथा कक्षा 10 एवं 12 के आवेदन पत्र भरने के बाद सभी अभिभावक अपने पाल्य के प्रविष्टि विवरण की सावधानीपूर्वक जांच अवश्य कर लें, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न रह जाए। उन्होंने कहा कि सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण में पठन-पाठन के साथ पाठ्यसहगामी गतिविधियों का नियमित संचालन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं अपनी पूरी क्षमता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
प्रधानाचार्य डॉ. सुधीर कुमार पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थी के पठन-पाठन, व्यक्तित्व निर्माण एवं सर्वांगीण विकास में शिक्षक के साथ अभिभावकों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। अभिभावकों को अपने पाल्य की शैक्षणिक प्रगति, कैरियर काउंसलिंग, पाठ्यसहगामी गतिविधियों तथा व्यवहारिक विकास की जानकारी नियमित रूप से संबंधित शिक्षक, शिक्षिका, कक्षा अध्यापक, कक्षा अध्यापिका एवं प्रधानाचार्य से प्राप्त करनी चाहिए।
उन्होंने समय-पालन, समयबद्धता, अनुशासन, सकारात्मक ऊर्जा, सकारात्मक सोच, अच्छी संगत, सुव्यवस्थित दिनचर्या, अभिप्रेरणा, लक्ष्य के प्रति समर्पण, एकाग्रता तथा मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही विद्यार्थियों को नशा एवं तंबाकू से दूर रखने, अच्छे आचरण, मानवीय एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक बनाने तथा जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक के रूप में विकसित करने के लिए अभिभावकों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की।
प्रधानाचार्य ने सड़क सुरक्षा कार्यक्रम एवं सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा नाबालिग, अपात्र अथवा सुरक्षा मानकों का पालन किए बिना विद्यालय परिसर में वाहन चलाकर या उस पर सवारी करके आने पर रोक संबंधी आवश्यक जानकारियां भी दीं। उन्होंने भारत के संविधान, मूल अधिकारों, मूल कर्तव्यों, सामाजिक जिम्मेदारी, विधिक जागरूकता एवं कानूनी सहायता के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने पर जोर दिया। साथ ही पौष्टिक एवं संतुलित आहार, संचारी रोगों से बचाव, स्वच्छता एवं सफाई के प्रति भी विद्यार्थियों और अभिभावकों को जागरूक किया।
प्रधानाचार्य डॉ. सुधीर कुमार पांडेय ने भविष्य में होने वाली बैठकों में अधिक संख्या में अभिभावकों की सहभागिता की अपेक्षा व्यक्त की। बैठक के दौरान विद्यालय के संचालन एवं प्रगति के लिए अभिभावकों एवं उपस्थित सदस्यों से सुझाव भी प्राप्त किए गए।
अध्यक्ष भोला नाथ मिश्र ने प्रेरक गीत प्रस्तुत कर सभी को प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अपनी पूरी क्षमता के साथ सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने अभिभावकों से अपने पाल्यों को पर्याप्त समय देने, उनकी सुरक्षा एवं आचरण पर ध्यान रखने तथा उन्हें समय से विद्यालय ड्रेस में विद्यालय भेजने और अनुशासित होकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
बैठक में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के जिला समन्वयक अभय सिंह ने अभिभावकों को राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की ऐतिहासिक यात्रा, पात्रता, पंजीकरण प्रक्रिया, मुख्य विषय, उपविषय एवं परियोजना विषयों की जानकारी दी। उन्होंने अभिभावकों से अपने पाल्यों को इस महत्वपूर्ण प्रस्तुतीकरण कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
कार्यक्रम में शालिनी मिश्रा, प्रवक्ता रसायन विज्ञान, हंसराज भारती, सहायक अध्यापक जीव विज्ञान, ऋषि कुमार शुक्ल, सहायक अध्यापक विज्ञान/गणित, रमेश कुमार शुक्ल, सहायक अध्यापक संस्कृत, विनय कुमार शुक्ल, सहायक अध्यापक विज्ञान/गणित, डॉ. मन्नारायण दूबे, सहायक अध्यापक कृषि विज्ञान, दीपा निर्मल, सहायक अध्यापक अंग्रेजी, निकहत अमरीन, सहायक अध्यापक अंग्रेजी, आशा चौधरी, सहायक अध्यापक सामाजिक विज्ञान, अभिराम वर्मा, व्यावसायिक शिक्षक ऑटोमोबाइल, महेश यादव, पीटीए शिक्षक रसायन विज्ञान, सौरभ कुमार सिंह, पीटीए शिक्षक भौतिकी तथा राजवर्धन श्रीवास्तव, पूर्व सहायक अध्यापक विज्ञान/गणित एवं अतिथि शिक्षक के संयोजन, समन्वयन एवं दिशा-निर्देशन में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
बैठक में राम जन्म मिश्र, श्रवण कुमार शर्मा सहित अन्य अभिभावक उपस्थित रहे। सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अभिभावकों का सक्रिय, उत्साहपूर्ण एवं सराहनीय सहयोग रहा। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन हुआ। विद्यालय प्रशासन ने बैठक को उद्देश्यपूर्ण एवं सफल बताते हुए सभी प्रतिभागियों के योगदान की सराहना की।
