गुरु पूर्णिमा पर बच्चों ने रोली-चंदन व पुष्पवर्षा कर किया गुरुजनों का अभिनंदन
कम्पोजिट विद्यालय सोनबरसा बक्सरा आज्ञाराम में गुरु वंदन, कविता पाठ व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। शिक्षा क्षेत्र मनकापुर के कम्पोजिट विद्यालय सोनबरसा बक्सरा आज्ञाराम में बुधवार को गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। बच्चों के सर्वांगीण विकास तथा उनमें संस्कार, अनुशासन और गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के उद्देश्य से विद्यालय में विविध शैक्षिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने रोली-चंदन लगाकर और पुष्पवर्षा करते हुए अपने गुरुजनों का वंदन एवं अभिनंदन किया। बच्चों ने अपने शिक्षकों को ग्रीटिंग कार्ड भेंट कर उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। विद्यार्थियों द्वारा आयोजित गुरु वंदन समारोह ने विद्यालय परिसर को भावनात्मक और भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ “गुरुर्ब्रह्मा गुरुर्विष्णुः…” श्लोक के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने गुरु महिमा पर आधारित गीत, भजन, दोहे और शायरी प्रस्तुत कर गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व को प्रभावशाली ढंग से रेखांकित किया। बच्चों ने कविता पाठ, धन्यवाद पत्र लेखन और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने चार्ट पेपर, आकर्षक ग्रीटिंग कार्ड, बुके, बुकमार्क और गुरु पूर्णिमा से संबंधित पुस्तिकाएं तैयार कीं। बच्चों की रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा सभी के आकर्षण का केंद्र रही। विद्यालय में ‘गुरु प्रेरणा दीवार’ भी बनाई गई, जिस पर छात्र-छात्राओं ने रंगीन पर्चियों पर अपने शिक्षकों के लिए प्रेरक संदेश लिखकर उनके प्रति सम्मान और आभार प्रकट किया।
शिक्षक आलोक कुमार ने कहा कि विद्यालय में इस प्रकार की गतिविधियों के आयोजन से बच्चों में संस्कार, अनुशासन, रचनात्मकता और गुरुजनों के प्रति आदर का भाव विकसित होता है। ऐसे कार्यक्रम भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ ही विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में चांदनी यादव, माधुरी, कुसुम, सितारा, मुस्कान, निधि, अजीत, विनोद, अंजू, अल्फिया, रोशनी, राज बाबू, शिव पूजन, प्रमोद, आदित्य, राजकुमार, अमरजीत, आकृति, कृष्णा, सलोनी, लक्ष्मी, रितिका, ज्योति, खुशी, जिगर, अर्पिता, शिवशक्ति, रितेश, जान्वी वर्मा और पूनम सहित अन्य बच्चों की प्रस्तुतियां सराहनीय रहीं।
बच्चों द्वारा आयोजित गुरु वंदन कार्यक्रम से शिक्षक आलोक कुमार, बलजीत सिंह कनौजिया, अरुण कुमार सिंह, पूनम वर्मा, सुरेश कुमार, देवेंद्र प्रताप, अनुराधा मिश्रा, पूनम यादव, अमर ज्योति और चित्रावती सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं भावविभोर नजर आए। सभी ने बच्चों की रचनात्मकता, अनुशासन और भावपूर्ण प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
