जनता दर्शन की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई: खीराभा में अवैध शराब के अड्डे पर आबकारी-पुलिस का संयुक्त छापा, दो भट्ठियां ध्वस्त
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। जिलाधिकारी के जनता दर्शन में प्राप्त शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए सोमवार को आबकारी एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कोतवाली नगर क्षेत्र के ग्राम खीराभा में बड़े पैमाने पर छापेमारी की। नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान दो अवैध कच्ची शराब की भट्ठियां संचालित होती मिलीं, जिन्हें मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया। साथ ही लगभग 40 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई तथा करीब 400 किलोग्राम लहन (शराब बनाने का कच्चा पदार्थ) नष्ट कर दिया गया।
जिला प्रशासन की ओर से अवैध शराब के कारोबार पर लगातार शिकंजा कसने की मुहिम जारी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी के जनता दर्शन में मिली शिकायत के त्वरित निस्तारण के निर्देशों के अनुपालन में 21 जुलाई 2026 को आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम खीराभा में सघन तलाशी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान दो स्थानों पर अवैध शराब का निर्माण होते पाया गया।
संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों अवैध भट्ठियों को नष्ट कर दिया। तलाशी के दौरान लगभग 40 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई, जिसे जब्त कर लिया गया। वहीं शराब निर्माण में प्रयुक्त लगभग 400 किलोग्राम लहन को भी मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि भविष्य में इसका दोबारा उपयोग न हो सके।
इस मामले में आबकारी विभाग ने दो आरोपियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत थाना कोतवाली नगर में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस एवं आबकारी विभाग मामले की आगे की विधिक कार्रवाई में जुटा है।
छापेमारी के दौरान नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा स्वयं मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी करते रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार अभियान जारी रहेगा।
जिला आबकारी अधिकारी प्रगल्भ लवानिया ने कहा कि अवैध शराब का निर्माण एवं कारोबार कानूनन गंभीर अपराध है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इस काले कारोबार में लिप्त लोग तत्काल अपनी गतिविधियां बंद कर दें, अन्यथा उनके विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के विरुद्ध आबकारी विभाग और पुलिस का संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।