पूर्व नियुक्त शिक्षकों की सुरक्षित रहे नौकरी, महासंघ ने दोहराई मांग

उत्तर प्रदेश गोंडा

 

टीईटी से पूर्व नियुक्त शिक्षकों की सेवा सुरक्षा को लेकर और तेज हुआ अभियान, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को सौंपा ज्ञापन
प्रदीप मिश्रा, चीफ रिपोर्टर

Gonda News
गोंडा। टीईटी लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ का “सांसद संपर्क अभियान” लगातार गति पकड़ रहा है। अभियान के तहत कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता बृजभूषण शरण सिंह से शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने कार्यकारी जिलाध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव के नेतृत्व में मुलाकात कर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने टीईटी से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार के स्तर पर प्रभावी पहल कराने का अनुरोध किया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि 23 अगस्त 2010 को एनसीटीई द्वारा टीईटी को न्यूनतम अर्हता घोषित किए जाने से पूर्व देश और उत्तर प्रदेश में लाखों शिक्षकों की नियुक्तियां तत्कालीन नियमों एवं निर्धारित शैक्षिक योग्यताओं के आधार पर की गई थीं। इन शिक्षकों ने वर्षों तक शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
शिक्षक नेताओं ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि हाल ही में आए न्यायिक निर्णय के बाद टीईटी से पूर्व नियुक्त शिक्षकों में सेवा सुरक्षा को लेकर व्यापक चिंता व्याप्त है। उनका कहना है कि बाद में लागू किए गए पात्रता मानकों को पूर्व में नियुक्त शिक्षकों पर लागू करना न्याय, समानता और विधिक निश्चितता के सिद्धांतों के अनुरूप नहीं है। इससे लाखों शिक्षकों तथा उनके परिवारों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व सांसद से आग्रह किया कि वे इस विषय को भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाते हुए टीईटी लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के सेवा अधिकार, वरिष्ठता, पदोन्नति तथा अन्य वैधानिक लाभों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक विधायी, नीतिगत अथवा प्रशासनिक पहल कराने में सहयोग करें। साथ ही आगामी संसद सत्र में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने का अनुरोध किया गया।
पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनी और टीईटी अनिवार्यता के प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए शिक्षकों की मांगों के संबंध में यथोचित कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला संयुक्त महामंत्री आनंद प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष संतोष कुमार तिवारी, मंत्री गुलाम नबी, कटरा ब्लॉक अध्यक्ष दीपक श्रीवास्तव, तरबगंज ब्लॉक अध्यक्ष अभिषेक तिवारी, परसपुर ब्लॉक के मीडिया प्रभारी शारदा प्रसाद शर्मा सहित अनेक शिक्षक एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। महासंघ ने सरकार से मांग की कि टीईटी लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शीघ्र संवेदनशील एवं न्यायसंगत निर्णय लिया जाए।
5 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *