भीषण गर्मी के चलते विद्यालयों का समय बदलने की मांग, शिक्षकों ने बीएसए को सौंपा ज्ञापन
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा, 24 जून। जनपद में लगातार पड़ रनही भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के संचालन समय में परिवर्तन की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान समय में सुबह से ही तेज धूप और उमस के कारण विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों तथा शिक्षकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। दोपहर के समय तापमान अत्यधिक बढ़ जाने से बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए विद्यालयों का समय प्रातःकालीन किए जाने की आवश्यकता है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस संबंध में जिलाधिकारी से वार्ता कर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार विद्यालयों के समय में आवश्यक परिवर्तन किया जाएगा, जिससे बच्चों और शिक्षकों को राहत मिल सके।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष शरद कुमार सिंह, जनपदीय कोषाध्यक्ष देवेन्द्र प्रताप सिंह, जिला मंत्री आशीष कुमार द्विवेदी, इटियाथोक ब्लॉक अध्यक्ष अमित कुमार, रूपईडीह ब्लॉक अध्यक्ष मोहित कुमार द्विवेदी, इटियाथोक ब्लॉक मंत्री स्वामीनाथ उपाध्याय, राहुल देव वर्मा, रक्षाराम, सुमन कौशल एवं तालुकदार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
शिक्षकों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन विद्यार्थियों के हित में शीघ्र निर्णय लेकर विद्यालयों के समय में परिवर्तन करेगा, जिससे भीषण गर्मी के दौरान बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित न हो और उनका स्वास्थ्य भी सुरक्षित रह सके।