उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक का पहला स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक (यूपीजीबी) का प्रथम स्थापना दिवस शुक्रवार को क्षेत्रीय कार्यालय गोंडा में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों, ग्राहकों, समाजसेवियों, किसानों और व्यापारियों की मौजूदगी रही। इस दौरान केक काटकर स्थापना दिवस मनाया गया तथा उपस्थित लोगों को मिष्ठान वितरित किया गया।
स्थापना दिवस के अवसर पर क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से जनप्रतिनिधियों, किसानों और व्यापारियों के साथ संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं, जमा उत्पादों और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं को और अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
क्षेत्रीय प्रबंधक राजकुमार द्विवेदी ने बैंक की एक वर्ष की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गोंडा क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत संचालित 94 शाखाओं के माध्यम से ग्राहकों को उच्च स्तरीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के जरिए बैंक ने क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है तथा भविष्य में और अधिक त्वरित एवं प्रभावी सेवाएं देने के लिए बैंक लगातार प्रयासरत रहेगा।
कार्यक्रम में बैंक के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, ग्राहक तथा विभिन्न वर्गों के लोग मौजूद रहे।