स्वर्णिम आयु क्लब: वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगा स्वस्थ, सक्रिय और खुशहाल जीवन का नया सहारा
रविवार को आयोजित होगा कार्यक्रम
प्रत्येक रविवार शाम चार बजे से होगा कार्यक्रम
प्रदीप मिश्रा, चीफ रिपोर्टर
Gonda News
गोंडा। वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को अधिक स्वस्थ, सक्रिय, तनावमुक्त और आनंदमय बनाने के उद्देश्य से ब्रह्माकुमारीज, विष्णुपुरी कॉलोनी द्वारा “स्वर्णिम आयु क्लब” की शुरुआत की गई है। यह पहल बुजुर्गों को सामाजिक जुड़ाव, स्वास्थ्य जागरूकता और मानसिक सशक्तिकरण का मंच प्रदान करेगी, जिससे वे अपने जीवन के सुनहरे पलों को पुनः उत्साह और आत्मविश्वास के साथ जी सकें।
क्लब के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के लिए नियमित रूप से योग एवं ध्यान सत्र, स्वास्थ्य जांच शिविर, मनोरंजनात्मक गतिविधियां, त्योहार एवं सामाजिक कार्यक्रम, मानसिक एवं भावनात्मक परामर्श तथा रुचि एवं शौक विकास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें गीत-संगीत, खेल, कथा-चर्चा, पठन-पाठन, बागवानी और पेंटिंग जैसी गतिविधियां शामिल होंगी।
आयोजकों के अनुसार वर्तमान समय में बढ़ती व्यस्तता और बदलती सामाजिक परिस्थितियों के कारण अनेक वरिष्ठ नागरिक अकेलेपन और तनाव का सामना कर रहे हैं। ऐसे में स्वर्णिम आयु क्लब उन्हें समान आयु वर्ग के लोगों से जुड़ने, अपने अनुभव साझा करने और सकारात्मक वातावरण में समय बिताने का अवसर प्रदान करेगा। क्लब का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को भी सुदृढ़ बनाना है।
क्लब से जुड़ने वाले सदस्यों को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने, नए मित्र बनाने, सामाजिक सहभागिता बढ़ाने तथा तनावमुक्त दिनचर्या विकसित करने में सहायता मिलेगी। इसके साथ ही उन्हें अपने अनुभवों और ज्ञान को साझा करने का मंच भी प्राप्त होगा।
सेंटर इंचार्ज ब्रह्माकुमारी बहन चांदनी ने बताया कि स्वर्णिम आयु क्लब का आयोजन प्रत्येक रविवार सायं 4 बजे से 6 बजे तक ब्रह्माकुमारीज, विष्णुपुरी कॉलोनी, गोंडा (लैंडमार्क- गोनार्ड होटल) में किया जाएगा। इच्छुक वरिष्ठ नागरिक पंजीकरण कर क्लब की गतिविधियों में भाग ले सकते हैं। इसके लिए संपर्क सूत्र 8840774725 एवं 8707047183 जारी किए गए हैं।
आयोजकों ने जनपद के वरिष्ठ नागरिकों से इस पहल का लाभ उठाने और अपने जीवन को अधिक स्वस्थ, प्रसन्न एवं सक्रिय बनाने के लिए क्लब से जुड़ने की अपील की है। क्लब का संदेश है— “उम्र सिर्फ एक संख्या है, खुशी हर पल में है।”