कीर्ति फाउंडेशन ने योग शिविर से दिए स्वस्थ जीवन के टिप्स

अयोध्या उत्तर प्रदेश गोंडा

 

कीर्ति फाउंडेशन के योग शिविर में झुग्गी-झोपड़ी के बच्चों ने सीखे स्वस्थ जीवन के गुर
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर अर्जुन तिकोना पार्क में हुआ भव्य
आयोजन, योग गुरु देशराज यादव ने कराया योगाभ्यास
प्रदीप मिश्रा, चीफ रिपोर्टर

स्टेट डेस्क

लखनऊ, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जानकीपुरम स्थित अर्जुन तिकोना पार्क में सामाजिक संस्था कीर्ति फाउंडेशन द्वारा भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। लखनऊ विश्वविद्यालय के नए परिसर के समीप आयोजित इस कार्यक्रम में झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले बच्चों, उनके अभिभावकों तथा स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कीर्ति फाउंडेशन लंबे समय से मलिन बस्तियों के निर्धन बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य और खेलकूद से जोड़ने का कार्य कर रही है। संस्था द्वारा आयोजित योग शिविर का उद्देश्य बच्चों और समाज के विभिन्न वर्गों को योग के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में गायत्री शक्तिपीठ, कुर्सी रोड से पधारे प्रख्यात योग गुरु श्री देशराज यादव ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम की विधियों का प्रदर्शन करते हुए उनके लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों और उपस्थित नागरिकों को अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी सहित कई महत्वपूर्ण योग क्रियाओं का अभ्यास कराया। योग गुरु ने बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर आत्मविश्वास और एकाग्रता भी बढ़ाता है।
इस अवसर पर कीर्ति फाउंडेशन की अध्यक्ष डॉ. कीर्ति पाण्डेय ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक जीवनशैली में योग की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि जीवन जीने की एक सकारात्मक पद्धति है, जो मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को संतुलित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
डॉ. पाण्डेय ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से अनेक शारीरिक एवं मानसिक रोगों पर नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों को योग और खेलकूद से जोड़ने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि स्वस्थ बच्चे ही देश का उज्ज्वल भविष्य हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास किया तथा योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। शिविर के समापन अवसर पर डॉ. कीर्ति पाण्डेय ने योग गुरु श्री देशराज यादव को उनके उत्कृष्ट योगदान और मार्गदर्शन के लिए सम्मानित किया।
योग शिविर के बाद सभी प्रतिभागियों के बीच स्वास्थ्यवर्धक स्वल्पाहार के रूप में अंकुरित अनाज (स्प्राउट्स), मट्ठा और मिनरल वाटर का वितरण किया गया। बच्चों और अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले श्री विजेंद्र, श्रीमती उमा अग्रवाल, डॉ. कृष्ण पाल सिंह, अधिवक्ता अभिष्ट सरन, मयंक चतुर्वेदी, नरेश पाल, महेंद्र पाल, अधिवक्ता अथर्व आर्य, आनंद लाल श्रीवास्तव तथा विनय कुमार मनचंदा सहित अन्य सहयोगियों के प्रति संस्था ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कीर्ति फाउंडेशन के प्रबंधक डॉ. इंद्र नील चटर्जी, कोषाध्यक्ष श्रीमती शोभा श्रीवास्तव, सदस्य शंकर शरण श्रीवास्तव, अंकित श्रीवास्तव, संजय कुमार साहू समेत अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। वहीं संस्था के स्वयंसेवकों अंकित सैनी, विकास कुमार पाण्डेय और आशीष पाल के योगदान की भी विशेष सराहना की गई।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित यह शिविर न केवल योग के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने में सफल रहा, बल्कि समाज के वंचित वर्गों के बच्चों को स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली की दिशा में प्रेरित करने का एक सार्थक प्रयास भी साबित हुआ।

6 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *