नवागत मुख्य विकास अधिकारी दयानन्द प्रसाद ने संभाला कार्यभार
विकास योजनाओं को जमीन पर उतारने पर रहेगा विशेष जोर
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। जिले के नवागत मुख्य विकास अधिकारी दयानन्द प्रसाद ने गुरुवार को मुख्यालय पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया। सर्किट हाउस पहुंचने पर विकास विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें जिले में संचालित विकास योजनाओं एवं विभागीय गतिविधियों की प्रारंभिक जानकारी भी दी।
मुख्य विकास अधिकारी ने जिला अधिकारी प्रियंका निरंजन से शिष्टाचार मुलाकात की। मुलाकात के दौरान जिले में चल रही विकास योजनाओं, ग्रामीण विकास कार्यक्रमों तथा शासन की प्राथमिकताओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इसके बाद उन्होंने विभिन्न प्रशासनिक बैठकों में हिस्सा लेकर विभागीय कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
विकास भवन पहुंचने पर नवागत सीडीओ ने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ एक संक्षिप्त बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों से पारदर्शिता, समयबद्धता और गुणवत्ता के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जिले के विकास को नई गति दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्रीय समस्याओं की जानकारी लेकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को भी कहा।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक सुशील कुमार, डीसी एनआरएलएम, बीडीओ गौरीशा श्रीवास्तव, कर्मचारी सुधीर सिंह, लाल बचन, नितिन श्रीवास्तव सहित विकास विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
