होप ताइक्वांडो के बच्चों द्वारा मनाया गया पृथ्वी दिवस, पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश*
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
*गोण्डा।* पृथ्वी दिवस के अवसर पर शहर के ताइक्वांडो प्रशिक्षण केंद्र के बच्चों द्वारा पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नन्हे ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने अपने हाथों से पौधे लगाए और समाज को संदेश दिया कि अपनी पृथ्वी को स्वच्छ और सुंदर बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उक्त कार्यक्रम में वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. पी.के. श्रीवास्तव मुख्य रूप से मौजूद रहे। उन्होंने बच्चों के साथ मिलकर पौधरोपण किया और पृथ्वी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि बढ़ता प्रदूषण और पेड़ों की कटाई पृथ्वी के अस्तित्व के लिए खतरा है, जिसे रोकने के लिए हर व्यक्ति को आगे आना होगा।
कार्यक्रम में डॉ. प्रियंक श्रीवास्तव, डॉ. जुबेरिया आफताब, डॉ. गुंजन भटनागर, डॉ. पुनीत कुमार श्रीवास्तव एवं डॉ. नुपुर पॉल भी उपस्थित रहे। सभी चिकित्सकों ने बच्चों के साथ पौधे लगाए और पर्यावरण बचाने की अपील की।
इस दौरान ताइक्वांडो कोच गौरव उपाध्याय ने बच्चों को संबोधित करते हुए पृथ्वी दिवस के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह ताइक्वांडो में अनुशासन जरूरी है, उसी तरह पर्यावरण की रक्षा के लिए भी हमें अनुशासित होकर काम करना होगा। कोच गौरव ने बच्चों को समझाया कि अधिक से अधिक पेड़ लगाकर, पानी बचाकर और प्लास्टिक का उपयोग बंद करके ही हम अपनी पृथ्वी को सुंदर बना सकते हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों और अतिथियों ने पृथ्वी को हरा-भरा रखने का संकल्प लिया।