नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में एलबीएस डिग्री कॉलेज में हस्ताक्षर अभियान, नुक्कड़ नाटक व पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News :
गोण्डा। उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार नारी शक्ति वंदन अधिनियम–2023 के व्यापक प्रचार-प्रसार के तहत श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज, गोण्डा के तीनों परिसरों में जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की गई। इस दौरान कॉलेज की दीवारों पर भव्य हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, साथ ही नुक्कड़ नाटक एवं पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का संयोजन डॉ. रेखा शर्मा एवं डॉ. परवेज आलम ने किया। हस्ताक्षर अभियान में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कॉलेज की दीवारों पर अपने हस्ताक्षर किए और महिला सशक्तिकरण के समर्थन में जोरदार संदेश दिए। छात्राओं ने “सशक्त नारी, सशक्त देश”, “भारत के विकास में सुनिश्चित हो नारी की भागीदारी” और “देश की शक्ति, नारी शक्ति” जैसे प्रेरक स्लोगन लिखकर नारी सशक्तिकरण का संकल्प दोहराया।
इसी क्रम में नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता का आयोजन डॉ. पल्लवी, डॉ. मनीषा पाल, डॉ. रचना श्रीवास्तव एवं डॉ. नीतू सक्सेना के कुशल संयोजकत्व में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में अग्रिमा श्रीवास्तव एवं उनकी टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अंशिका कुमारी एंड टीम द्वितीय तथा शिवानी कुमारी के समूह ने तृतीय स्थान हासिल किया। निर्णायक मंडल में डॉ. रेखा शर्मा एवं मिस पूजा यादव शामिल रहीं।
वहीं पोस्टर प्रतियोगिता में अनुष्का चौधरी (बीए चतुर्थ सेमेस्टर) ने प्रथम स्थान, प्रियंका सोनी (बीए चतुर्थ सेमेस्टर) ने द्वितीय स्थान, कुलसुम बानो (बीए चतुर्थ सेमेस्टर) ने तृतीय स्थान तथा श्रद्धा मिश्रा (बीए द्वितीय सेमेस्टर) ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. धर्मेंद्र शुक्ल, डॉ. अमित कुमार शुक्ल एवं डॉ. अरुण कुमार वर्मा शामिल रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रो. संदीप श्रीवास्तव, डॉ. नीरज, डॉ. प्रतिभा, डॉ. संजय कुमार, डॉ. स्मिता सिंह, कृष्ण मोहन त्रिपाठी, ड्रिंकल यादव एवं अमित दुबे सहित अन्य शिक्षकों व कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में नारी सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता और सहभागिता का माहौल देखने को मिला।
