पोषण से मजबूत होगी बच्चों की नींव, स्वस्थ बालक-बालिका हुए सम्मानित
सेवा संकल्प अभियान के तहत छपिया में आयोजित हुआ कार्यक्रम, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को वितरित की गई साड़ियां
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। छपिया विकासखंड सभागार में गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान एवं पोषण माह के तहत आयोजित कार्यक्रम में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और उनके समुचित विकास को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गौरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रभात वर्मा रहे। उन्होंने बच्चों के स्वस्थ भविष्य के लिए पोषण को परिवार और समाज की प्राथमिकता बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख नीलू पासवान, खंड विकास अधिकारी अभय कुमार , महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष बीना राय समेत विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं विभागीय पदाधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
मुख्य अतिथि विधायक प्रभात वर्मा ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को साड़ी वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां गांव-गांव तक पहुंचकर बच्चों, गर्भवती महिलाओं और माताओं को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके प्रयासों से कुपोषण के खिलाफ चल रहे अभियान को मजबूती मिल रही है।
कार्यक्रम में स्वस्थ बालक-बालिका स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साह बढ़ाया गया। इसके साथ ही एसएएम श्रेणी से सामान्य श्रेणी में आए बच्चों के अभिभावकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि बच्चों के पोषण स्तर में सुधार केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि परिवार की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रेसिपी आधारित स्टॉल रहे। इन स्टॉलों पर स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य सामग्री से तैयार व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया। अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और पोषणयुक्त भोजन को दैनिक आहार का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम के माध्यम से कम लागत में स्थानीय खाद्य पदार्थों से पौष्टिक भोजन तैयार करने का संदेश भी दिया गया।
इस दौरान गर्भवती महिलाओं तथा छह माह की आयु पूर्ण कर चुके बच्चों को अनुप्राशन कराया गया। विधायक ने स्वयं बच्चों को अनुप्राशन कराते हुए माताओं को शिशु के जीवन के शुरुआती छह महीनों में केवल स्तनपान और इसके बाद उचित पूरक आहार शुरू करने के महत्व के प्रति जागरूक किया।
बाल विकास परियोजना अधिकारी वंदना ने विभागीय योजनाओं एवं पोषण संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी माधवी पांडे ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बच्चों और दिव्यांगजनों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वस्थ और सुपोषित बच्चे ही मजबूत समाज की आधारशिला हैं। इसलिए प्रत्येक परिवार को बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और नियमित देखभाल के प्रति सजग रहना चाहिए। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और समाज के अंतिम व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।
