दुर्घटना बीमा क्लेम के भुगतान को लेकर शिक्षकों में आक्रोश, 15 दिन का अल्टीमेटम, क्षेत्रीय प्रबन्धक से मिला शिक्षक नेता पवन कुमार सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों का एक प्रतिनिधिमण्डल
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोंडा। स्वर्गीय सत्यदेव वर्मा के दुर्घटना बीमा क्लेम की धनराशि लंबे समय से लंबित होने को लेकर उत्तर प्रदेश जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने कड़ा रुख अपनाया है। संगठन के पदाधिकारियों ने प्रांतीय संयुक्त मंत्री पवन कुमार सिंह के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय, देवीपाटन मंडल गोंडा पहुंचकर क्षेत्रीय प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने 15 दिनों के भीतर बीमा क्लेम का भुगतान कराने की मांग की है। वहीं, बैंक की ओर से मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक स्तर पर कार्रवाई कर समाधान कराने का भरोसा दिया गया है।
स्वर्गीय सत्यदेव वर्मा सहायक अध्यापक, कंपोजिट विद्यालय जोगापुर, मनकापुर में कार्यरत थे। 25 फरवरी 2025 को एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जाते समय मार्ग दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो गई थी। उनका वेतन खाता उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की वीरेपुर शाखा में था। संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार, शाखा की ओर से दुर्घटना बीमा के तहत करीब 40 लाख रुपये का क्लेम बीमा कंपनी को भेजा गया था। क्लेम के संबंध में कई बार रिमाइंडर भी भेजे गए, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी परिवार को भुगतान नहीं मिल सका।
संगठन का आरोप है कि क्लेम के सिलसिले में मृतक के परिजनों को बार-बार बुलाया गया, जिससे परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ा। संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि बीमा कंपनी के स्तर से कथित तौर पर 20 प्रतिशत सुविधा शुल्क की मांग की गई। हालांकि, इस संबंध में संगठन ने बैंक अधिकारियों के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए मामले के शीघ्र निस्तारण की मांग की।
मामले की जानकारी मिलने के बाद शिक्षक संगठन ने बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधन से वार्ता की। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि बातचीत के बावजूद अपेक्षित परिणाम नहीं निकलने पर अब आंदोलन की रणनीति तैयार की गई है। ज्ञापन सौंपते हुए पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि 15 दिन के भीतर क्लेम का भुगतान नहीं कराया गया तो क्षेत्रीय कार्यालय के साथ ही संबंधित शाखाओं पर धरना-प्रदर्शन और घेराव किया जाएगा।
वहीं, बैंक प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रकरण की आवश्यक जांच और औपचारिकताओं को आगे बढ़ाकर नियमानुसार समाधान कराने का भरोसा दिया। बैंक की ओर से यह भी संकेत दिया गया कि लंबित क्लेम के निस्तारण में जो भी प्रक्रियागत बाधाएं हैं, उन्हें संबंधित स्तर पर समन्वय स्थापित कर दूर करने का प्रयास किया जाएगा। इससे मृतक शिक्षक के परिवार को शीघ्र राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
प्रांतीय संयुक्त मंत्री पवन कुमार सिंह ने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी संस्था को अनावश्यक रूप से कठघरे में खड़ा करना नहीं, बल्कि दिवंगत शिक्षक के परिवार को उसका वैधानिक हक दिलाना है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समुदाय इस मामले को गंभीरता से देख रहा है और निर्धारित समय में सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय सीमा में भुगतान नहीं हुआ तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होगा।
मंडल मंत्री मोहित प्रकाश सिंह, जिला मंत्री अनिल कुमार सिंह, मंडल कोषाध्यक्ष सुधाकर सिंह, अनूप तिवारी, गौरव सिंह, कृष्ण कुमार सोनी, राम सेवक, पुनीत, सतीश चौधरी, राम कृष्ण सिंह, सूर्यभान राम, अरुण कुमार सहित संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैंक प्रबंधन के सकारात्मक रुख से समाधान की उम्मीद
दुर्घटना बीमा क्लेम का मामला लंबे समय से लंबित होने के बावजूद बैंक प्रबंधन द्वारा प्रकरण को गंभीरता से लेकर समाधान का भरोसा दिए जाने से अब शिक्षक संगठन और मृतक के परिवार को शीघ्र भुगतान की उम्मीद है। यदि निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर क्लेम का निस्तारण जल्द होता है तो इससे पीड़ित परिवार को आर्थिक राहत मिलने के साथ ही बैंक के प्रति विश्वास भी मजबूत होगा।