पांच खंड शिक्षा अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले, दो को अतिरिक्त प्रभार
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने जिले में कार्यरत खंड शिक्षा अधिकारियों के विकासखंडों में फेरबदल किया है। आठ अगस्त को जारी कार्यालय आदेश के अनुसार पांच खंड शिक्षा अधिकारियों को नए विकासखंड आवंटित किए गए हैं। साथ ही कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
आदेश के मुताबिक अंजनी कुमार सिंह को कटरा बाजार से स्थानांतरित कर मुजेहना का खंड शिक्षा अधिकारी बनाया गया है। उन्हें पंडरी कृपाल का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। समय प्रकाश पाठक, जो पंडरी कृपाल व मुजेहना का कार्य देख रहे थे, उन्हें झंझरी विकासखंड की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें मुख्यालय व नगर क्षेत्र का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
इसी क्रम में सीमा पाण्डेय को हलधरमऊ का खंड शिक्षा अधिकारी बनाया गया है और उन्हें कटरा बाजार का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। नूतन जायसवाल को बेलसर से स्थानांतरित कर परसपुर भेजा गया है। वहीं मनीष कुमार सिंह को तरबगंज का खंड शिक्षा अधिकारी बनाया गया है तथा उन्हें बेलसर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
बीएसए के आदेश में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे नवीन आवंटित विकासखंडों में तत्काल कार्यभार ग्रहण करें, ताकि विभागीय कार्य प्रभावित न हों। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि अतिरिक्त प्रभार के लिए संबंधित अधिकारियों को किसी प्रकार का अतिरिक्त वेतन या भत्ता देय नहीं होगा।