अवैध शराब के कारोबार में चार पर केस दर्ज, एक ग़िरफ़्तार

गोंडा उत्तर प्रदेश गोरखपुर
काजी तरहर में अवैध शराब के कारोबार पर हुई बड़ी कार्रवाई, तीन भट्ठियां की गई ध्वस्त, 500 किलोग्राम लहन और 25 लीटर कच्ची शराब बरामद, एक तस्कर जेल भेजा गया 
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News

गोण्डा। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के निर्देशन में जनपद में अवैध कच्ची शराब के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम काजी तरहर में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कड़ा शिकंजा कसा। संयुक्त टीम ने गांव में दबिश देकर मौके पर संचालित हो रही तीन अवैध शराब की भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान 25 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई, जबकि लगभग 500 किलोग्राम लहन (शराब बनाने के लिए तैयार कच्चा पदार्थ) को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

संयुक्त अभियान के दौरान आबकारी विभाग और पुलिस की टीम ने पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों के पहुंचते ही अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने मौके पर संचालित तीनों अवैध भट्ठियों को पूरी तरह नष्ट कर दिया, ताकि भविष्य में दोबारा इनका उपयोग न किया जा सके। इसके अलावा बरामद कच्ची शराब को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की गई तथा बड़ी मात्रा में मिले लहन को नष्ट कर अवैध शराब निर्माण की पूरी प्रक्रिया को विफल कर दिया गया।

इस कार्रवाई के दौरान उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत चार व्यक्तियों के विरुद्ध कोतवाली देहात थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम लगातार दबिश दे रही है।

जिला आबकारी अधिकारी प्रगल्भ लवानिया ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह समाप्त करने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और आने वाले दिनों में इसे और अधिक तेज किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभियान की प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार संवेदनशील क्षेत्रों में छापेमारी कर रही है। साथ ही जनसहयोग, गोपनीय सूचनाओं, पुलिस एवं आबकारी विभाग के मुखबिर तंत्र के अतिरिक्त आधुनिक तकनीकों का भी उपयोग किया जा रहा है। अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की सहायता से निगरानी बढ़ाई गई है, जिससे दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में भी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

आबकारी विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध कच्ची शराब का निर्माण, बिक्री या परिवहन होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस अथवा आबकारी विभाग को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

12 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *