पुलिस भर्ती परीक्षा के चलते विश्विद्यालय परीक्षाओं के केंद्र बदले

उत्तर प्रदेश अयोध्या गोंडा
पुलिस भर्ती परीक्षा के चलते अवध विश्वविद्यालय की परीक्षाओं का केंद्र बदला
8 से 10 जून तक एलबीएस डिग्री कॉलेज केंद्र की सभी परीक्षाएं रघुकुल महिला विद्यापीठ में होंगी आयोजित
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda

गोंडा। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड की परीक्षा के मद्देनजर डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या की सेमेस्टर एवं वार्षिक परीक्षाओं के एक महत्वपूर्ण परीक्षा केंद्र में अस्थायी परिवर्तन किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन के निर्देश पर श्री लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) डिग्री कॉलेज, गोंडा में आयोजित होने वाली परीक्षाओं का केंद्र 8 जून से 10 जून 2026 तक के लिए बदल दिया गया है।
श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज, गोंडा के केंद्र व्यवस्थापक एवं प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक द्वारा जारी आदेश के क्रम में 8 जून, 9 जून तथा 10 जून 2026 को इस केंद्र पर प्रस्तावित सभी परीक्षाएं अब श्री रघुकुल महिला विद्यापीठ, सिविल लाइंस, गोंडा में पूर्व निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संपन्न कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि इस अवधि में केवल एलबीएस डिग्री कॉलेज के परीक्षार्थी ही नहीं, बल्कि इससे संबद्ध अन्य संस्थानों के विद्यार्थियों को भी परिवर्तित परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देनी होगी। आदेश के अनुसार श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज, गोंडा (केंद्र कोड-011), शीला देवी महाविद्यालय, जानकी नगर जयप्रभा ग्राम, गोंडा (केंद्र कोड-723) तथा मीना शाह इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, गोंडा (केंद्र कोड-604) के समस्त परीक्षार्थियों की परीक्षाएं उक्त तिथियों में श्री रघुकुल महिला विद्यापीठ, गोंडा (केंद्र कोड-180) में आयोजित की जाएंगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे भ्रम की स्थिति से बचने के लिए अपने प्रवेश पत्र, परीक्षा कार्यक्रम तथा परिवर्तित केंद्र की जानकारी पहले से सुनिश्चित कर लें और परीक्षा शुरू होने से पर्याप्त समय पूर्व नए केंद्र पर पहुंचें।
प्रो. जितेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि 10 जून 2026 के बाद आयोजित होने वाली सभी परीक्षाएं पूर्व निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर ही संपन्न होंगी। केंद्र परिवर्तन केवल उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड की परीक्षा के सुचारु एवं व्यवस्थित संचालन को ध्यान में रखते हुए सीमित अवधि के लिए किया गया है।
विश्वविद्यालय के इस निर्णय से हजारों परीक्षार्थियों को समय रहते सूचना मिलने पर परीक्षा में शामिल होने में सुविधा होगी तथा पुलिस भर्ती परीक्षा और विश्वविद्यालय परीक्षाओं के संचालन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।

2 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *