गांवों की समस्याओं का गांवों में समाधान: भुलभुलिया में सीडीओ ने लगाई चौपाल
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा, 06 दिसम्बर। विकासखंड हलधरमऊ की ग्राम पंचायत भुलभुलिया में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अंकिता जैन ने ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
चौपाल में बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीणों ने सड़क मरम्मत, पेयजल, स्वच्छता, आवास, पेंशन और बिजली आपूर्ति से जुड़े मुद्दे उठाए। सीडीओ ने आश्वासन दिया कि सभी शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता पर किया जाएगा और हर पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के पहुंचेगा।
कार्यक्रम के बाद सीडीओ ने पंचायत भवन और जनसेवा केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों, साफ-सफाई और कार्यप्रणाली की जांच करते हुए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही चेताया कि किसी भी विभाग में लापरवाही पाई गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ग्राम चौपाल के माध्यम से प्रशासन और ग्रामीणों के बीच संवाद मजबूत हुआ तथा गांव के समग्र विकास के लिए त्वरित कदम उठाने का भरोसा दिया गया।