दंपत्ति शिक्षकों को मिले एक ही जिले में तैनाती

बिहार

दम्पति शिक्षकों ने स्थानांतरण नीति की मांग को लेकर डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News

गोंडा। दम्पति शिक्षक संघ गोंडा के पदाधिकारियों ने अंतर्जनपदीय स्थानांतरण नीति में सुधार की मांग को लेकर बुधवार को जिला अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन को संबोधित ज्ञापन प्रेषित किया।

ज्ञापन सौंपने पहुंचे जिला संयोजक आशीष कुमार शुक्ला ने बताया कि संघ से जुड़े सभी शिक्षक बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनके जीवनसाथी विभिन्न जनपदों में तैनात हैं। पति-पत्नी की अलग-अलग तैनाती के कारण पारिवारिक विघटन, मानसिक तनाव और सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिसका सीधा असर उनकी कार्यक्षमता और शैक्षणिक गुणवत्ता पर पड़ता है।

उन्होंने कहा कि शासन ने समय-समय पर दम्पति शिक्षकों को एक ही जनपद में तैनाती देने के निर्देश जारी किए हैं, लेकिन स्पष्ट और प्रभावी नीति के अभाव में इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। दम्पति शिक्षक संघ ने आगामी शीतकालीन अवकाश में सरल, पारदर्शी और प्रभावी अंतर्जनपदीय स्थानांतरण नीति लागू करने की मांग की है। साथ ही अनुरोध किया है कि आवेदन के आधार पर दम्पति शिक्षकों को गृह जनपद या ऐच्छिक जनपद में स्थानांतरण की सुविधा दी जाए, ताकि परिवार एकत्रित रह सके और शिक्षक बिना मानसिक दबाव के शैक्षणिक कार्यों में पूर्ण समर्पण के साथ योगदान दे सकें।

ज्ञापन देने वालों में जिला संयोजक आशीष कुमार शुक्ला, जिला सह-संयोजक अनिल कुमार चौरसिया, हरविंद कुमार, दीपक सिंह राठौर, दीपक बाबू प्रजापति, ऋषि भूषण मिश्रा, आदित्य नारायण सिंह, अमित कुमार यादव, आशीष कुमार चौरसिया, अतुल कुमार वर्मा, शिवम गुप्ता, राकेश कुमार सहित कई दम्पति शिक्षक मौजूद रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *