श्रीराम कथा की भव्यता और व्यवस्थाओं के मुरीद हुए राजन जी महाराज, बोले- गोण्डा के लोग हैं भाग्यशाली
कहा- इतनी विशाल कथा का सुव्यवस्थित आयोजन पहली बार देखा, महंत आलोक दास महाराज की सेवा भावना और समर्पण सराहनीय
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोण्डा। पावन नगरी गोण्डा में आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा महोत्सव इन दिनों श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति का अनुपम संगम बना हुआ है। 17 से 25 नवंबर तक चिन्मय ग्रामोदय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, पंडित दीनदयाल शोध संस्थान, जयप्रभा ग्राम, महाराजगंज में आयोजित इस भव्य महोत्सव में देश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर प्रभु श्रीराम की अमृतमयी कथा का रसपान कर रहे हैं।
कथा व्यास पूज्य राजन जी महाराज ने आयोजन की भव्यता, श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं और सुव्यवस्थित संचालन को देखकर आयोजक एवं अध्यक्ष परम पूज्य महंत आलोक दास महाराज की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि इतनी विशाल श्रीराम कथा के आयोजन में इस स्तर की व्यवस्थाएं उन्होंने पहली बार देखी हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा, **”आप लोग भाग्यशाली हैं कि आपके यहां ऐसे संत रहा करते हैं। गोण्डा में ऐसे सेवाभावी और समर्पित लोग रहते हैं, यह बहुत बड़ी बात है।”**
राजन जी महाराज के इन शब्दों ने आयोजन के पीछे समर्पित सेवा भावना और अथक परिश्रम को विशेष सम्मान प्रदान किया। उन्होंने जिस तरह व्यवस्थाओं की सराहना की, उससे श्रद्धालुओं में भी उत्साह और प्रसन्नता का माहौल दिखाई दिया।
इस भव्य आयोजन के सफल संचालन के पीछे परम पूज्य महंत आलोक दास महाराज की दूरदर्शी सोच, निरंतर परिश्रम, संगठन क्षमता और प्रभु श्रीराम के प्रति अटूट आस्था महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उनकी पहल से गोण्डा की धरती पर ऐसा आध्यात्मिक मंच साकार हुआ है, जहां हजारों श्रद्धालु एक साथ बैठकर रामकथा का श्रवण कर रहे हैं और भक्ति की अविरल धारा में सराबोर हो रहे हैं।
श्रीराम कथा महोत्सव धार्मिक आयोजन के साथ ही देवीपाटन मंडल में सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार, सामाजिक एकजुटता और आध्यात्मिक चेतना का भी माध्यम बन रहा है। संतों द्वारा आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना मिलना महंत आलोक दास महाराज के सेवा, समर्पण और संकल्प को मिली एक विशेष उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।