अभिभावक-शिक्षक समन्वय से होगा बच्चों का सर्वांगीण विकास

अयोध्या उत्तर प्रदेश गोंडा
अभिभावक और शिक्षकों के समन्वय से ही बच्चों का होगा सर्वांगीण विकास : विनय कुमार मिश्रा
महर्षि विद्या मंदिर में तीन चरणों में आयोजित हुआ अभिभावक उन्मुखीकरण कार्यक्रम, शैक्षणिक प्रगति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर हुआ संवाद
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। जानकी नगर स्थित महर्षि विद्या मंदिर में बुधवार को अभिभावक उन्मुखीकरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों के अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान बच्चों के शैक्षणिक विकास, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और बेहतर भविष्य के निर्माण में विद्यालय एवं परिवार की साझा जिम्मेदारी पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों को विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षण पद्धति और भावी योजनाओं से अवगत कराने के साथ ही शिक्षक-अभिभावक के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यार्थियों की कक्षाओं के अनुसार तीन चरणों में किया गया। प्रथम चरण में सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक प्राइमरी स्तर के विद्यार्थियों के अभिभावक शामिल हुए। दूसरे चरण में सुबह 10:30 से दोपहर 12 बजे तक उच्च प्राइमरी स्तर के अभिभावकों की सहभागिता रही। वहीं तीसरे चरण में दोपहर 12:30 से 2 बजे तक उच्चतर कक्षाओं के विद्यार्थियों के अभिभावकों के साथ संवाद किया गया। इस व्यवस्था से प्रत्येक स्तर के अभिभावकों को अपने बच्चों की शैक्षणिक जरूरतों और प्रगति पर चर्चा करने का अवसर मिला।
विद्यालय की परंपरा के अनुरूप कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु-पूजन एवं गुरु-वंदना के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य विनय कुमार मिश्रा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में महर्षि विद्या मंदिर, गोरखपुर के प्रधानाचार्य विवेक कुमार श्रीवास्तव मौजूद रहे। प्रधानाचार्य विनय कुमार मिश्रा ने मुख्य अतिथि का स्वागत एवं अभिनंदन किया। साथ ही उपस्थित अभिभावकों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम में उनकी सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।
अपने संबोधन में प्रधानाचार्य विनय कुमार मिश्रा ने कहा कि किसी भी विद्यार्थी के सर्वांगीण विकास में विद्यालय और परिवार दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शिक्षक जहां बच्चों को शिक्षा, संस्कार और अनुशासन का वातावरण प्रदान करते हैं, वहीं अभिभावकों की जिम्मेदारी है कि वे घर पर भी बच्चों की पढ़ाई, व्यवहार और गतिविधियों पर नियमित ध्यान दें। उन्होंने कहा कि शिक्षक और अभिभावक एक-दूसरे के सहयोगी बनकर काम करें तो बच्चों की प्रतिभा को बेहतर दिशा दी जा सकती है। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, भावी योजनाओं तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।
मुख्य अतिथि विवेक कुमार श्रीवास्तव ने आधुनिक शिक्षा प्रणाली में बदलते शैक्षणिक परिवेश पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में विद्यालय और परिवार दोनों की समान भागीदारी जरूरी है। अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों पर केवल अच्छे अंक लाने का दबाव बनाने के बजाय उनकी रुचि, क्षमता और प्रतिभा को समझते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों और शिक्षकों के बीच विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, पढ़ाई के स्तर, अनुशासन तथा उनके सर्वांगीण विकास को लेकर सार्थक संवाद हुआ। अभिभावकों ने विद्यालय की शैक्षिक व्यवस्था एवं अनुशासन की सराहना करते हुए विद्यालय की प्रगति और शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए। शिक्षकों ने अभिभावकों को बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों में नियमित सहभागिता सुनिश्चित करने तथा विद्यालय के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य विनय कुमार मिश्रा ने मुख्य अतिथि सहित सभी अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अभिभावकों का विश्वास और सहयोग ही विद्यालय की प्रगति का आधार है। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

10 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *