वरिष्ठता में आगे होने पर भी टीईटी पास हुए बिना शिक्षकों को नहीं मिलेगा प्रमोशन
गोंडा में पदोन्नति प्रक्रिया की रफ्तार धीमी, 19 नवंबर की बैठक के दिशा-निर्देशों का इंतजार; बलरामपुर में 13 नवंबर को शिक्षकों की काउंसिलिंग**
प्रदीप मिश्रा। प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की लंबे समय से प्रतीक्षित पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में तैयारियां तेज हो गई हैं, लेकिन गोंडा में यह प्रक्रिया अभी काफी पीछे चल रही है। यहां पदोन्नति को लेकर 19 नवंबर को प्रस्तावित अपर मुख्य सचिव की बैठक से मिलने वाले दिशा-निर्देशों का इंतजार किया जा रहा है। वहीं पड़ोसी जिले बलरामपुर में पदोन्नति की प्रक्रिया एक कदम आगे बढ़ चुकी है। वहां शिक्षकों को 13 नवंबर को काउंसिलिंग के लिए कलेक्ट्रेट बुलाया गया है। दोनों जिलों की स्थिति से गोंडा में पदोन्नति की धीमी रफ्तार को लेकर शिक्षकों के बीच चर्चा तेज हो गई है।
इधर, पदोन्नति के लिए तैयार की जा रही वरिष्ठता सूची में एक महत्वपूर्ण बदलाव सामने आया है। वरिष्ठता सूची में शीर्ष स्थान पर होने के बावजूद शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) उत्तीर्ण नहीं करने वाले शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ नहीं मिल सकेगा। ऐसे शिक्षकों को अंतिम वरिष्ठता सूची से बाहर किए जाने की तैयारी है। यानी पदोन्नति के लिए केवल वरिष्ठता ही पर्याप्त नहीं होगी, बल्कि टीईटी उत्तीर्ण होना भी पात्रता का अनिवार्य मानक होगा।
19 नवंबर की बैठक पर टिकी गोंडा के शिक्षकों की निगाहें
गोंडा जिले में पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर अभी वरिष्ठता सूची की खामियों और आपत्तियों को दूर करने की कवायद चल रही है। विभागीय स्तर पर शिक्षकों के विवरण का परीक्षण कर सूची को अंतिम रूप देने की तैयारी है। हालांकि, 19 नवंबर को अपर मुख्य सचिव की प्रस्तावित बैठक में मिलने वाले दिशा-निर्देशों के बाद ही जिले में आगे की प्रक्रिया को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है। ऐसे में यहां के शिक्षकों को पदोन्नति की अगली कार्रवाई के लिए अभी इंतजार करना पड़ सकता है।
बलरामपुर में काउंसिलिंग, गोंडा में अभी इंतजार
पदोन्नति प्रक्रिया की गति के मामले में बलरामपुर जिला गोंडा से आगे दिखाई दे रहा है। वहां 13 नवंबर को शिक्षकों को काउंसिलिंग के लिए कलेक्ट्रेट बुलाया गया है। इसके जरिए पदोन्नति के बाद विद्यालय आवंटन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। दूसरी तरफ गोंडा में अभी वरिष्ठता सूची को अंतिम रूप देने और शासन से दिशा-निर्देश मिलने का इंतजार है। ऐसे में शिक्षकों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि जब पड़ोसी जिले में काउंसिलिंग की तैयारी हो चुकी है तो गोंडा में पदोन्नति की प्रक्रिया कब गति पकड़ेगी।
पदोन्नति के बाद गैर जनपद तबादले पर भी पड़ेगा असर
टीईटी उत्तीर्णता की अनिवार्यता का असर केवल पदोन्नति तक सीमित नहीं रहने की चर्चा है। पदोन्नति प्राप्त करने वाले शिक्षकों के गैर जनपद स्थानांतरण पर भी इसका प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में वरिष्ठता सूची में शामिल शिक्षकों को पात्रता के निर्धारित मानकों पर खरा उतरना होगा। विभाग का जोर इस बात पर है कि किसी भी अपात्र शिक्षक को पदोन्नति का लाभ न मिले और पात्र शिक्षकों को वरिष्ठता के अनुरूप अवसर मिल सके।
महिला और दिव्यांग शिक्षकों को स्कूल चयन में प्राथमिकता
पदोन्नति के बाद विद्यालय आवंटन की प्रक्रिया भी निर्धारित प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाएगी। इसके तहत वरिष्ठता क्रम में महिला शिक्षकों को पहले विद्यालय चुनने का अवसर मिलेगा। इसके बाद दिव्यांग शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इन दोनों श्रेणियों के शिक्षकों को अवसर देने के बाद शेष विद्यालयों का आवंटन अन्य पदोन्नत शिक्षकों के बीच किया जाएगा।
अभी तक सूची की खामियां दूर करने में जुटा हुआ है विभाग
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह के अनुसार, परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की पदोन्नति के लिए विभागीय स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। फिलहाल वरिष्ठता सूची में दर्ज कमियों को दूर कर उसे अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रक्रिया में सटीकता और पारदर्शिता का ध्यान रखा जाएगा, ताकि पात्र शिक्षकों को नियमानुसार पदोन्नति का लाभ मिल सके। विभाग की ओर से इसी सप्ताह के अंत तक अंतिम वरिष्ठता सूची जारी करने की तैयारी बताई गई है।

प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता, 9415120996
