कुरीतियों के प्रति जागरूक हो युवा पीढ़ी : अभय सिंह मझारा

अयोध्या उत्तर प्रदेश गोंडा
समाज में फैली कुरीतियों के प्रति जागरूक हो युवा पीढ़ी : अभय सिंह मझारा
गांवों में पंचायत स्तर पर जागरूकता बैठकें आयोजित करने पर दिया जोर, छेड़छाड़ और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ अभियान चलाने की अपील
शिवपूजन पांडे, वजीरगंज।

Gonda News
वजीरगंज, संवाददाता। समाज में फैल रही कुरीतियों को दूर करने और युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने की जरूरत है। युवा पीढ़ी ही समाज को बेहतर दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इसके लिए गांवों में पंचायत स्तर पर समय-समय पर बैठकें और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। यह बातें वजीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मझारा निवासी समाजसेवी अभय सिंह मझारा ने कहीं।
उन्होंने क्षेत्र में हुई विभिन्न घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को सामाजिक कुरीतियों, महिलाओं और लड़कियों के साथ छेड़छाड़, उत्पीड़न तथा अन्य असामाजिक गतिविधियों के प्रति जागरूक होना आवश्यक है। समाज में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए केवल प्रशासनिक कार्रवाई पर निर्भर रहने के बजाय ग्रामीणों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से सामाजिक बुराइयों पर अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है।
अभय सिंह मझारा ने कहा कि गांवों में आपसी विवादों के समाधान के लिए पंचायत स्तर पर संवाद और आपसी सहमति को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। इससे कई छोटे विवादों को अनावश्यक रूप से बढ़ने से रोका जा सकता है और लोगों को समय, धन तथा मानसिक परेशानी से राहत मिल सकती है। हालांकि, महिलाओं के उत्पीड़न, छेड़छाड़ और अन्य आपराधिक मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
उन्होंने बच्चों को बचपन से ही अच्छे संस्कार देने और उन्हें सही-गलत का अंतर समझाने पर जोर दिया। कहा कि परिवार और समाज की जिम्मेदारी है कि बच्चों को नैतिक मूल्यों, आपसी सम्मान और सामाजिक सद्भाव की सीख दें। गांवों में किसी भी तरह की अनैतिक और निंदनीय गतिविधि को रोकने तथा सामाजिक एकता बनाए रखने के लिए ग्रामीणों को एकजुट होकर प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने मिशन शक्ति अभियान के साथ युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की जरूरत भी बताई। उनके मुताबिक, युवाओं की टीम गठित कर स्कूलों, बस स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर छेड़छाड़ समेत असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जाना चाहिए। इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर पर एक समिति गठित करने का सुझाव भी दिया, जो लोगों को जागरूक करने के साथ सामाजिक समस्याओं के समाधान में सहयोग कर सके।
उन्होंने कहा कि जागरूकता, आपसी सहयोग और सामूहिक प्रयासों से ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
9 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *