डॉ. संजयन त्रिपाठी की जीत के लिए बूथ स्तर पर जुटें कार्यकर्ता: यासर शाह
सपा कार्यालय में शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी का हुआ स्वागत, चुनाव में एकजुट होकर जुटने का आह्वान
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोण्डा। समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर समाजवादी पार्टी कार्यालय में शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी का स्वागत किया गया। समाजवादी पार्टी और समाजवादी शिक्षक सभा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में नेताओं ने शिक्षक एमएलसी चुनाव में प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। वक्ताओं ने संगठन की मजबूती और आपसी एकजुटता को जीत का आधार बताया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री यासर शाह ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। डॉ. संजयन त्रिपाठी की जीत केवल एक प्रत्याशी की जीत नहीं, बल्कि हर समाजवादी कार्यकर्ता की जीत होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ चुनाव अभियान में जुटने की अपील की।
सपा जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन ने कहा कि पार्टी ने बूथ स्तर तक पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। चुनाव में सफलता हासिल करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी भूमिका निभानी होगी। कार्यकर्ताओं के समर्पण, मेहनत और सामूहिक प्रयास से ही प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित होगी।
शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा की ओर से आश्वासन मिलने के बावजूद उन्हें चुनाव से अलग कर दिया गया। ऐसे समय में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उनका साथ देकर भरोसा जताया। उन्होंने पार्टी के समर्थन के प्रति आभार जताते हुए चुनाव में सहयोग की अपेक्षा की।
सपा के राष्ट्रीय सचिव कमलेश कुमार यादव ने पार्टी के निर्णय का सम्मान करते हुए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव में जुटने की अपील की। वहीं, समाजवादी शिक्षक सभा के प्रदेश महासचिव प्रो. मंशाराम वर्मा ने बताया कि शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर विद्यालयों में संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही पीडीए जन चौपाल के माध्यम से भी लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन सपा प्रवक्ता जावेद मंटू ने किया। इस दौरान पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे, रमेश गौतम, मंडल प्रभारी विनोद श्रीवास्तव, डॉ. पुनीत कनौजिया और समाजवादी शिक्षक सभा के जिलाध्यक्ष विपिन चंद्र वर्मा सहित पार्टी के कई नेता, पदाधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।