ओपीडी में समय पर पहुंचें डॉक्टर, मरीजों को मिले बेहतर इलाज : डॉ. संतोष वर्मा
नवीन चिकित्सालय भवन का प्रधानाचार्य ने किया निरीक्षण, सफाई से लेकर जैव-चिकित्सीय अपशिष्ट के सुरक्षित निस्तारण तक दिए कड़े निर्देश
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। नवीन चिकित्सालय भवन में प्रधानाचार्य प्रोफेसर डॉ. संतोष कुमार वर्मा ने चिकित्सालय प्रशासन के साथ विभिन्न ओपीडी का निरीक्षण कर मरीजों को बेहतर, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने मेडिसिन, सर्जरी, मनोचिकित्सा और त्वचा रोग ओपीडी का निरीक्षण कर चिकित्सकों की उपस्थिति, मरीजों को मिल रही सेवाओं तथा अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. संतोष वर्मा ने संबंधित चिकित्सकों एवं कंसल्टेंट्स को निर्देश दिए कि निर्धारित ओपीडी समय में समय से उपस्थित रहकर मरीजों की जांच और उपचार सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाला प्रत्येक मरीज बेहतर चिकित्सा सेवा की उम्मीद लेकर आता है। ऐसे में मरीजों के प्रति संवेदनशील और समर्पित व्यवहार के साथ उपचार उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है।
ओपीडी शुरू होने से पहले पूरी हो सफाई
प्रधानाचार्य ने अस्पताल की सफाई व्यवस्था को लेकर भी कड़े निर्देश दिए। उन्होंने सफाई पर्यवेक्षकों से कहा कि सभी ओपीडी कक्षों, वार्डों और उनसे जुड़े शौचालयों की प्रतिदिन ओपीडी शुरू होने से पहले सफाई और सैनिटाइजेशन अनिवार्य रूप से कराया जाए। अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था से किसी भी स्तर पर समझौता न करने की हिदायत दी गई।
बायोमेडिकल कचरे के निस्तारण पर विशेष जोर
पैथोलॉजी विभाग के रक्त नमूना संग्रहण कर्मियों को इस्तेमाल की गई सुइयों और अन्य जैव-चिकित्सीय अपशिष्ट के सुरक्षित निस्तारण को लेकर विशेष निर्देश दिए गए। प्रधानाचार्य ने कहा कि Biomedical Waste Management Rules, 2016 के प्रावधानों का पूरी तरह पालन किया जाए। प्रयुक्त सुइयों समेत अन्य जैव-चिकित्सीय अपशिष्ट का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि संक्रमण और स्वास्थ्य संबंधी जोखिम को रोका जा सके।
डॉ. संतोष वर्मा ने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ अस्पताल में स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण बनाए रखना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमएस डॉ. अनिल तिवारी, एमएस डॉ आफताब आलम, हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेटर डॉ. दीक्षा द्विवेदी, हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेटर डॉ. रजनीश सिंह सहित चिकित्सालय प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
.
.
.
.
.
..
