सेवा संकल्प अभियान में योजनाओं की जानकारी के साथ लाभार्थियों को मिला लाभ
परसपुर में आयोजित शिविर में विधायक अजय सिंह ने किया शुभारंभ, अन्नप्राशन व गोदभराई संस्कार के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बांटी गई साड़ियां
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा। विकास खंड परसपुर परिसर में रविवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत जनसेवा एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग समेत विभिन्न विभागों की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी गई। साथ ही पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विभिन्न विभागों के स्टाल लगाए गए।
उत्तर प्रदेश में चल रहा सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सेवा, सुशासन, जनकल्याण और विकास से जुड़ी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना तथा पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि करनैलगंज विधायक अजय सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। बाल विकास परियोजना अधिकारी साधना साहू ने विधायक का स्वागत किया। इस दौरान सुपरवाइजर तृप्ति पांडेय, आरती गौतम और सुमन गौतम ने बाल विकास विभाग की ओर से संचालित योजनाओं तथा उनकी प्रगति की जानकारी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू हुई सेवा संकल्प की यह यात्रा 17 अक्टूबर तक लगातार चलेगी। अभियान के माध्यम से पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ ही उन्हें योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबियां सौंपी जा रही हैं तथा पात्र लोगों के राशन कार्ड बनाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश में बड़ी संख्या में लोगों को गरीबी से बाहर लाने और गरीब परिवारों के जीवन स्तर में सुधार के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। सरकार का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ बिचौलियों के बजाय सीधे पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।
शिविर में विधायक ने छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया तथा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म भी संपन्न कराई। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को साड़ियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में बाल विकास विभाग की ओर से पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और बच्चों के विकास से संबंधित योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।
शिविर में खाद्य एवं रसद, ग्रामीण विकास, महिला कल्याण, स्वास्थ्य, समाज कल्याण तथा पंचायती राज विभाग समेत विभिन्न विभागों के स्टाल लगाए गए। महिला कल्याण विभाग के स्टाल पर पहुंचीं महिलाओं को विभागीय योजनाओं और पात्रता की जानकारी नोडल अधिकारी नेहा श्रीवास्तव ने दी। लोगों को योजनाओं के लिए आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि सूरज सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष वासुदेव सिंह, खंड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.
.

प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता 9415120996