साइकिल रेस से आज शुरू होगा अग्रसेन जयंती समारोह
चार दिवसीय आयोजन में खेल, कला और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का रहेगा संगम, महिलाओं की साइकिल रेस बनेगी आकर्षण

प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News गोण्डा। महाराजा श्री अग्रसेन जयंती समारोह का आगाज रविवार को साइकिल रेस प्रतियोगिता के साथ होगा। अग्रवाल नवयुवक संघ की ओर से आयोजित चार दिवसीय समारोह में इस बार महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को विशेष महत्व दिया गया है। महिला-पुरुष साइकिल रेस के साथ बैडमिंटन, निबंध लेखन, शतरंज, चित्रकला, प्रश्नोत्तरी, रस्साकशी, नृत्य और अन्य कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। आयोजन को लेकर अग्रवाल समाज में खासा उत्साह है।
कार्यक्रम संयोजक संजय अग्रवाल ने बताया कि रविवार चार अक्टूबर को समारोह की शुरुआत महिला और पुरुष साइकिल रेस प्रतियोगिता से होगी। इसमें इस बार विवाहित महिलाओं को भी विशेष रूप से शामिल किया गया है। वहीं उतरौला रोड स्थित नेहरू स्टेडियम के बैडमिंटन कोर्ट में बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित होगी। प्रतियोगिताओं को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
संघ के अध्यक्ष चेतन अग्रवाल ने बताया कि नौ अक्टूबर को विभिन्न बौद्धिक और मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें निबंध लेखन, कुर्सी दौड़, मास्टर शेफ, शतरंज और म्यूजिकल चेयर प्रमुख हैं। इन प्रतियोगिताओं में बच्चों से लेकर युवाओं और महिलाओं तक को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि 10 अक्टूबर को समारोह में कला और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का रंग देखने को मिलेगा। इस दिन पोस्टर पेंटिंग, जुड़ा-गजरा सज्जा, प्रश्नोत्तरी, रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर, फैन्सी ड्रेस, एकल नृत्य, रैंप वॉक और समूह नृत्य प्रतियोगिताएं होंगी। प्रतिभागी अपनी रचनात्मकता और कला प्रतिभा के माध्यम से समारोह को आकर्षक बनाएंगे।
महामंत्री विकास जैन ने बताया कि 10 अक्टूबर को डांडिया-गरबा प्रतियोगिता भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसमें प्रतिभागी पारंपरिक परिधान और लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने बताया कि आयोजन का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों और आयु समूहों को एक मंच पर लाकर सामाजिक एकता, आपसी मेल-जोल और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है।
संरक्षक अनिल मित्तल ने बताया कि 11 अक्टूबर को महाराजा अग्रसेन जयंती के मुख्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस दिन ध्वजारोहण, पूजन-हवन और अग्रसेन चौक पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद आरती थाल, बच्चों की गुड़िया रेस, बेबी रेस, पुरुष रस्साकशी, कैरम, व्यंजन, फैन्सी ड्रेस, नृत्य और प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी।
चार दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में खेलकूद के साथ कला, संस्कृति, मनोरंजन और प्रतिभा प्रदर्शन को भी समान महत्व दिया गया है। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिताओं में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और पुरुषों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। समारोह के माध्यम से महाराजा अग्रसेन के सामाजिक समरसता, सहयोग और सेवा के संदेश को भी जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। आयोजन को लेकर अग्रवाल समाज के लोगों में उत्साह का माहौल है।
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता 9415120996