पीडीए जन चौपाल में प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने एकजुटता पर दिया जोर, कार्यकर्ताओं से संगठन मजबूत करने का आह्वान
शिवपूजन पांडे, वजीरगंज
Gonda News
वजीरगंज, संवाददाता। वजीरगंज-झिलाही मार्ग स्थित बंधवा में रविवार को समाजवादी पार्टी की ओर से पीडीए जन चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय लोगों को संबोधित करते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए संगठन को मजबूत करने और पीडीए समाज की एकजुटता पर जोर दिया। कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और आसपास के ग्रामीणों में काफी उत्साह दिखाई दिया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि समाज के लोगों को अपने अधिकारों, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी के लिए एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद करने तथा पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता से पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूती मिलेगी।
पूर्व एमएलसी रणविजय सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव ने हमेशा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का प्रयास किया है। पीडीए जन चौपाल के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को एक मंच पर लाकर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझने का प्रयास किया जा रहा है।
सपा जिलाध्यक्ष अरसद हुसैन खान ने कहा कि जन चौपाल का उद्देश्य पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समेत समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर लाना और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रणजीत सिंह उर्फ बब्लू, पूर्व मंत्री योगेश सिंह, वैजनाथ दूबे, विजय पासवान, पवन सिंह, हरिभान सिंह, मैनुद्दीन और अजय गौतम, सोनू खान समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं को गमछा पहनाकर सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की सक्रियता बढ़ाने, कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर जिम्मेदारियां निभाने और जनता के बीच संवाद मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।