गांधी-शास्त्री जयंती पर मेडिकल कॉलेज में गूंजा स्वच्छता, सेवा और अहिंसा का संदेश
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, गोंडा में शुक्रवार को विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में राष्ट्रध्वज फहराया गया। इसके बाद संबद्ध चिकित्सालय परिसर में भी ध्वजारोहण किया गया। चिकित्सा शिक्षकों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. संतोष कुमार वर्मा ने मेडिकल कॉलेज परिसर में तिरंगा फहराया। इसके बाद महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर उनके योगदान को याद किया गया। इस अवसर पर सभी चिकित्सा शिक्षकों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं कर्मचारियों को संकल्प दिलाया गया कि वे अहिंसा के मार्ग पर चलेंगे, स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाएंगे, मरीजों की सेवा पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता से करेंगे तथा किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि से दूर रहेंगे।
संकल्प में राष्ट्र की स्वतंत्रता एवं अखंडता की रक्षा के साथ-साथ विवादों और मतभेदों का समाधान शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक उपायों से करने पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम में प्रस्तुत संकल्प में स्पष्ट रूप से कहा गया कि धर्म, भाषा अथवा अन्य राजनीतिक या आर्थिक विवादों से जुड़े मतभेदों एवं शिकायतों का समाधान शांति और संवैधानिक उपायों के माध्यम से किया जाएगा।
इसके बाद प्रधानाचार्य के नेतृत्व में अस्पताल परिसर में वृक्षारोपण किया गया। साथ ही स्वच्छ भारत अभियान के तहत व्यापक सफाई अभियान चलाकर चिकित्सालय परिसर को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया। चिकित्सकों और कर्मचारियों ने स्वच्छता को नियमित कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल तिवारी, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आफताब आलम, हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेटर डॉ. रजनीश, हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेटर डॉ. दीक्षा, डॉ. डीएन सिंह, बीबी सिंह, अर्जुन, कुबेर समेत चिकित्सा शिक्षक, चिकित्सक, जूनियर डॉक्टर, मैट्रन और नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहे।

गांधी जयंती पर मेडिकल कॉलेज परिसर में पौधारोपण करते प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. संतोष कुमार वर्मा।
