सेवा पखवाड़ा: दिव्यांगजनों को मिला सहारे का संबल, 31 ट्राईसाइकिल समेत सहायक उपकरण वितरित
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोंडा। सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत बुधवार को विकास खंड हलधरमऊ परिसर में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से सहायक उपकरण वितरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में चयनित दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, स्मार्ट केन और कान की मशीन वितरित कर उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का सहारा दिया गया। कार्यक्रम में चयनित 42 लाभार्थियों के सापेक्ष 31 दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, 12 चयनित लाभार्थियों में से पांच को स्मार्ट केन (अंध छड़ी) तथा एक लाभार्थी को बीटीई कान की मशीन प्रदान की गई।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण सौंपे। इस दौरान दिव्यांगजनों के चेहरों पर उपकरण मिलने की खुशी साफ नजर आई। अधिकारियों ने कहा कि सहायक उपकरण दिव्यांगजनों की दैनिक गतिविधियों को आसान बनाने के साथ उनकी गतिशीलता और आत्मनिर्भरता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी माधवी पाण्डेय ने बताया कि विभाग की ओर से पहले से ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन करने वाले पात्र दिव्यांगजनों को नियमानुसार सहायक उपकरणों का वितरण किया जा रहा है। इसके साथ ही विभाग द्वारा आयोजित शिविरों में ऐसे दिव्यांगजन भी लाभान्वित किए जा रहे हैं, जो किसी कारणवश पूर्व में पंजीकरण नहीं करा सके हैं। उन्होंने बताया कि शिविर में आने वाले ऐसे लाभार्थियों के जरूरी दस्तावेज, विशेषकर आधार कार्ड आदि की उपलब्धता के आधार पर उनकी पात्रता का परीक्षण कर यथासंभव मौके पर ही सहायक उपकरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है।
उन्होंने कहा कि “जो लाभार्थी हलधरमऊ में किसी कारणवश अपना सहायक उपकरण प्राप्त नहीं कर सके हैं, वे जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, गोंडा से संपर्क कर अपना उपकरण प्राप्त कर सकते हैं। विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पात्र दिव्यांगजन सरकारी सहायता से वंचित न रहें।” उन्होंने कहा कि शासन और विभाग दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। सेवा पखवाड़ा और सेवा संकल्प यात्रा का मूल उद्देश्य भी जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाकर उन्हें सशक्त बनाना है।
विभाग की ओर से बताया गया कि शिविर में पूर्व से चिन्हित लाभार्थियों के लिए ट्राईसाइकिल, बैसाखी, बीटीई कान की मशीन और स्मार्ट केन उपलब्ध कराए गए थे। जो लाभार्थी बुधवार को उपकरण प्राप्त नहीं कर सके, उन्हें कार्यालय से समन्वय स्थापित कर उपकरण उपलब्ध कराया जाएगा।
एक अक्टूबर को छपिया में वितरण
विभाग की ओर से बताया गया कि सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के क्रम में गुरुवार, एक अक्टूबर को विकास खंड छपिया परिसर में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम में गौरा विधायक प्रभात वर्मा द्वारा सहायक उपकरणों का वितरण किया जाएगा। विभाग ने पात्र और चयनित लाभार्थियों से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है।
शिविर में जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी माधवी पाण्डेय समेत विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।