महर्षि विद्या मंदिर में छात्रों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
नर्सरी से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों की हुई जांच, वजन-लंबाई और आंखों की जांच पर रहा जोर
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। महर्षि विद्या मंदिर जानकीनगर में बुधवार को विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच के लिए वार्षिक स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य विनय कुमार मिश्रा के निर्देशन में आयोजित शिविर में जिला अस्पताल गोंडा की स्वास्थ्य टीम ने विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
जिला अस्पताल से स्वास्थ्य जांच टीम सुबह करीब 10 बजे एंबुलेंस के साथ विद्यालय पहुंची। टीम में चिकित्सक डॉ. शिवपाल मौर्य, फार्मासिस्ट ऋषभ श्रीवास्तव, नर्स अमिता वर्मा, लैब टेक्नीशियन आयुषी श्रीवास्तव और एंबुलेंस चालक आदित्य श्रीवास्तव शामिल रहे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य तथा वरिष्ठ शिक्षक-शिक्षिकाओं की देखरेख में नर्सरी से कक्षा 12 तक के उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के दौरान विद्यार्थियों के वजन, लंबाई, आंखों और संपूर्ण शारीरिक स्वास्थ्य की जांच की गई। स्वास्थ्य टीम ने बच्चों की आवश्यक जांच करने के साथ ही उनके स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी भी ली।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य टीम की सुविधाओं और व्यवस्थाओं की निगरानी विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका नलिनी बाजपेई ने की। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि जांच के दौरान विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और विद्यालय में अनुशासन बना रहे। व्यवस्था संबंधी जिम्मेदारी वरिष्ठ शिक्षक शिवम श्रीवास्तव और उनके सहयोगी विवेक कुमार पांडेय ने संभाली। इस दौरान पूजा पाठक समेत कॉलेज की शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
प्रधानाचार्य विनय कुमार मिश्रा ने स्वास्थ्य जांच टीम के सभी सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के स्वस्थ रहने से ही वे पढ़ाई और अन्य गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। विद्यालय में समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। अंत में प्रधानाचार्य ने स्वास्थ्य टीम के सभी सदस्यों को धन्यवाद ज्ञापित किया।

