व्यावसायिक शिक्षा से संवर रहा छात्रों का भविष्य

अयोध्या उत्तर प्रदेश गोंडा
व्यावसायिक शिक्षा से संवर रहा छात्रों का भविष्य, रोजगार के व्यावहारिक गुर सिखाए
विशेष अतिथि व्याख्यान में छात्रों को सुरक्षा क्षेत्र की जिम्मेदारियों, अनुशासन और कार्यकुशलता से कराया परिचित
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। पढ़ाई के साथ हुनर और व्यावहारिक ज्ञान युवाओं के लिए रोजगार की नई राह खोल रहा है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए पीएम श्री फ.अ.अ. राजकीय इंटर कॉलेज गोंडा में मंगलवार को विशेष अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों को व्यावसायिक शिक्षा के महत्व के साथ सुरक्षा क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं और कार्यस्थल पर निभाई जाने वाली जिम्मेदारियों की विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रधानाचार्य डा. सुधीर कुमार पांडेय के संरक्षण एवं नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में छात्रों को यह समझाने का प्रयास किया गया कि किसी भी क्षेत्र में सफलता के लिए शैक्षिक योग्यता के साथ व्यवहारिक दक्षता, अनुशासन, सजगता और जिम्मेदारी की समझ भी जरूरी है। कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए प्रधानाचार्य ने छात्रों को व्यावसायिक शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में रोजगार के स्वरूप में भी बदलाव आया है। ऐसे में छात्रों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप किसी न किसी व्यावसायिक कौशल में दक्ष होना चाहिए।
सुरक्षा क्षेत्र की बारीकियों से कराया परिचित
कार्यक्रम के विशेष अतिथि विजय प्रताप सिंह, कैप्टन, नेशनल कैडेट कॉर्प्स (NCC) ने छात्रों को शस्त्र रहित सुरक्षा गार्ड के कार्य और दायित्वों की जानकारी दी। उन्होंने निजी सुरक्षा, सुरक्षा एवं स्वच्छता, सुरक्षा के मूल सिद्धांत, ड्यूटी के दौरान सतर्कता, रिपोर्टिंग एवं रिकॉर्डिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों को सरल और व्यावहारिक तरीके से समझाया।
उन्होंने अपने कार्य अनुभवों को छात्रों के साथ साझा करते हुए बताया कि सुरक्षा से जुड़ा कार्य केवल किसी स्थान की निगरानी तक सीमित नहीं है। इसमें जिम्मेदारी, अनुशासन, सजगता, समय की पाबंदी और परिस्थितियों को समझकर उचित कदम उठाने की क्षमता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने छात्रों को विभिन्न परिस्थितियों के उदाहरण देकर बताया कि नौकरी के दौरान आने वाली चुनौतियों का सामना किस प्रकार धैर्य और सूझबूझ के साथ किया जा सकता है।
रोजगार के लिए तैयार करने पर जोर
विशेष अतिथि व्याख्यान का उद्देश्य छात्रों को कक्षा की पढ़ाई के साथ रोजगार की वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ना रहा। छात्रों को बताया गया कि व्यावसायिक शिक्षा उन्हें केवल किसी कार्य का प्रशिक्षण नहीं देती, बल्कि आत्मविश्वास, कार्यकुशलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में भी मदद करती है। सुरक्षा क्षेत्र में प्रशिक्षित युवाओं के लिए उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में छात्रों ने विशेष अतिथि से सुरक्षा और रोजगार से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की। व्याख्यान के दौरान छात्रों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। इससे छात्रों को रोजगार के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं और उनसे निपटने के तरीकों की समझ मिली।
कार्यक्रम का आयोजन व्यावसायिक शिक्षा के सिक्योरिटी ट्रेड के शिक्षक सीमाब अहमद के संयोजन में हुआ। इसमें सुरेश कुमार सिंह, राज वर्धन श्रीवास्तव, शालिनी मिश्रा, हंस राज भारती, अभिजीत कुमार सिंह, लेफ्टिनेंट रमेश कुमार शुक्ल, विनय कुमार शुक्ल, ऋषि कुमार शुक्ल, डा. श्री मन्नारायण दूबे, दीपा निर्मल, निकहत अमरीन, अभिराम वर्मा, सौरभ कुमार सिंह, बृजेश तिवारी और महेश यादव सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। विद्यालय परिवार के समन्वय और सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
5 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *