‘दीवाने हैं दादी के हम मतवाले हैं…’ भजनों पर झूमे श्रद्धालु, भव्य दरबार में सजा दादी का मंगल पाठ
चुनरी ओढ़कर मंगल पाठ में शामिल हुईं महिलाएं, भजनों पर भक्तिभाव में डूबे श्रद्धालु—जयकारों से गूंजा श्री श्याम मंदिर
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोण्डा। भादी मावस उत्सव के अवसर पर ददुआ बाजार स्थित श्री श्याम मंदिर में श्री श्याम मंदिर महिला मंडल की ओर से आयोजित दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम में गुरुवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में बाबा खाटू श्याम एवं झुंझुनू वाली श्री राणी सती दादी जी का भव्य दरबार सजाया गया। रंग-बिरंगे फूलों, आकर्षक सजावट और धार्मिक वातावरण के बीच आयोजित श्री राणी सती दादी जी के उत्सव मंगल पाठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। दादी जी के जयकारों और भजनों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान से दादी जी की पूजा-अर्चना के साथ हुई। मंदिर परिसर में बनाए गए भव्य दरबार में बाबा खाटू श्याम और श्री राणी सती दादी जी की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। मंदिर के पुजारी द्वारका प्रसाद पाठक एवं दिनेश पाठक ने दरबार को आकर्षक ढंग से सजाया। दरबार की भव्यता देखते ही बन रही थी। दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने दादी जी के समक्ष माथा टेककर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
रिसिया से पधारे प्रसिद्ध पाठ वाचक रजनीश गर्ग ने श्रद्धालुओं को श्री राणी सती दादी जी के मंगल पाठ का श्रवण कराया। मंगल पाठ के दौरान दादी जी की महिमा का गुणगान किया गया। पाठ के बीच-बीच में प्रस्तुत किए गए मधुर भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिरस से भर दिया। टिंकू म्यूजिकल ग्रुप ने भजनों की प्रस्तुतियों में सहयोग किया। पाठ वाचक रजनीश गर्ग ने जैसे ही ‘दीवाने हैं दादी के हम मतवाले हैं, सुनो जी हम दादी वाले हैं…’ भजन की प्रस्तुति दी, श्रद्धालु भक्ति में झूम उठे।
इसके बाद ‘मेरी मैया मेरे घर आई…’ और ‘सब झूमो नाचो मां आने वाली है…’ जैसे भजनों की प्रस्तुति ने वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया। महिलाएं और पुरुष श्रद्धालु भजनों की धुन पर झूमते नजर आए। दादी जी के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने हाथ उठाकर जयकारे लगाए और भक्ति में सराबोर होकर दादी जी का गुणगान किया। पाठ वाचक के साथ सहयोगी पाठ वाचक अनूप शुक्ला ने भी मंगल पाठ में सहभागिता की।
चुनरी ओढ़कर मंगल पाठ में शामिल हुईं महिलाएं
मंगल पाठ में महिलाओं की विशेष सहभागिता रही। मुख्य यजमान गुन्जन शाह एवं उमेश शाह रहे। इस अवसर पर 13 विशिष्ट महिलाएं रंग-बिरंगी साड़ियों में सजकर और दादी जी की चुनरी ओढ़कर मंगल पाठ में शामिल हुईं। महिलाओं ने विधि-विधान से मंगल पाठ में सहभागिता करते हुए दादी जी से परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मंगल पाठ में शामिल विशिष्ट महिलाओं में सरोज जैन, शालिनी अग्रवाल, संगीता भावसिंहका, सारिका सोमानी, किरण बंसल, सविता गोयल, रजनी केडिया, नीना अग्रवाल, ईशा जैन, श्वेता जैन, प्रेमलता सिंघल, सुमन गोयल एवं कोमल अग्रवाल शामिल रहीं।
जात-जडूला की परंपरा निभाकर की दादी जी की पूजा
दो दिवसीय धार्मिक आयोजन के दूसरे दिन शुक्रवार को प्रातः श्री श्याम मंदिर में श्री राणी सती दादी जी के समक्ष जात-जडूला की पारंपरिक धार्मिक परंपरा निभाई गई। श्रद्धालुओं ने दादी जी की धोक-पूजा कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। श्रद्धालुओं ने दादी जी के दरबार में पूजा-अर्चना कर अपनी मनोकामनाएं रखीं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
महिला मंडल की रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरे आयोजन को सफल बनाने में श्री श्याम मंदिर महिला मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। महिला मंडल की अध्यक्ष मीना अग्रवाल, मंत्री संतोष अग्रवाल और कोषाध्यक्ष बेनू अग्रवाल के साथ नीलम जैन, नीतू गर्ग, प्रीति अग्रवाल, पूनम मित्तल, वर्षा अग्रवाल, ज्योति मित्तल, शारदा गर्ग, रेनू मंगल, सरिता सिंघल, सुधा टेकड़ीवाल, सरोज गर्ग, ज्योति तुलस्यान, प्रीति तुलस्यान एवं पुष्पा सोमानी सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की और व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
वहीं श्री श्याम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेश भावसिंहका, मंत्री सुशील पचेरिया, गोविंद जालूका, सोनू सिंघल सहित ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी के चलते मंदिर परिसर पूरे समय भक्तिमय बना रहा। भादी मावस उत्सव के इस आयोजन ने श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था, भक्ति और पारंपरिक संस्कृति से जोड़ने का संदेश दिया।


प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता, 9415120996