महर्षि विद्या मंदिर में हुआ भगवान शिव का रुद्राभिषेक, आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हुआ वातावरण
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा, 24 अगस्त। महर्षि विद्या मंदिर विद्यालय समूह की जानकीनगर, बहराइच रोड स्थित इकाई में सोमवार को आध्यात्मिक जन जागरण अभियान (माजा) के तत्वावधान में श्रावण मास की एकादशी के उपरांत द्वादशी तिथि एवं शुभ सोमवार के अवसर पर भगवान शिव का रुद्राभिषेक कार्यक्रम श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के साथ अभिभावकों एवं शहर के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य यजमान विद्यालय के प्रधानाचार्य विनय कुमार मिश्रा रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु-पूजन, गुरु-वंदना एवं भावातीत ध्यान के साथ हुआ। इसके बाद विधि-विधानपूर्वक भगवान शिव का रुद्राभिषेक एवं पूजन किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य विनय कुमार मिश्रा ने कहा कि महर्षि विद्या मंदिर संस्थानों के अध्यक्ष ब्रह्मचारी डॉ. गिरीश चंद्र वर्मा के निर्देशन का अनुसरण करते हुए आयोजित किए जाने वाले ऐसे आध्यात्मिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा के संचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सामूहिक रूप से किए जाने वाले पूजन एवं ध्यान से मन को शांति और सकारात्मकता मिलती है।
विद्यालय की ध्यान-सिद्धि प्रशिक्षिका श्रीमती पूर्णिमा शुक्ला ने भावातीत ध्यान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित अभिभावकों एवं समाजजनों को ध्यान की उपयोगिता और इसके सकारात्मक प्रभावों से अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान महर्षि विद्या मंदिर परिवार एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कार्यक्रम का सुचारु संचालन करते हुए आयोजन को सफल बनाने में विशेष योगदान दिया। कार्यक्रम में अभिभावकों तथा शहर के गणमान्य नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में को-कैरिकुलर एक्टिविटी इंचार्ज श्रीमती नलिनी बाजपेई, सीसीए इंचार्ज एवं को-ऑर्डिनेटर श्रीमती लतिका पाठक सहित विद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अंत में प्रधानाचार्य विनय कुमार मिश्रा ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ और पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय एवं ऊर्जावान वातावरण से सराबोर नजर आया।
