रसोइयों को मिला सम्मान, कैशलेस चिकित्सा कार्ड से स्वास्थ्य सुरक्षा का संबल
मानदेय वृद्धि का प्रतीकात्मक चेक पाकर खिले चेहरे, जनपद की सभी विधानसभाओं में हुए कार्यक्रम
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोण्डा, 23 अगस्त। प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने वाली रसोइयों के सम्मान और उनके स्वास्थ्य हितों को लेकर रविवार को जिला पंचायत सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश द्वारा रसोइयों के हित में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के क्रम में हुए इस आयोजन में रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड तथा मानदेय वृद्धि का प्रतीकात्मक चेक वितरित किया गया। सुविधाएं मिलने से रसोइयों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी और उन्होंने इसे अपने कार्य के प्रति सरकार के सम्मान का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन तथा गोण्डा सांसद/केन्द्रीय विदेश राज्यमंत्री के प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्र ने रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड एवं मानदेय वृद्धि का प्रतीकात्मक चेक प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान रसोइयों के योगदान की सराहना करते हुए कहा गया कि विद्यालयों में बच्चों को समय से पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
बच्चों के पोषण में रसोइयों की अहम भूमिका
वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री पोषण योजना केवल बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने की योजना नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को धरातल पर उतारने में रसोइयां प्रतिदिन अपनी भूमिका निभा रही हैं। सुबह विद्यालय पहुंचकर भोजन तैयार करने से लेकर बच्चों को भोजन परोसने और साफ-सफाई तक की जिम्मेदारी वह पूरी निष्ठा से निभाती हैं।
उन्होंने कहा कि रसोइयों के हित में कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना तथा मानदेय में वृद्धि करना उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्वास्थ्य संबंधी जरूरत के समय कैशलेस चिकित्सा कार्ड उनके लिए आर्थिक सुरक्षा का सहारा बनेगा।
सभी विधानसभाओं में भी आयोजित हुआ सम्मान समारोह
जिला मुख्यालय के अलावा जनपद की सभी संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में भी सम्मान एवं कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र में विधायक बावन सिंह, तरबगंज में विधायक प्रेम नारायण पाण्डेय, गौरा में विधायक प्रभात वर्मा तथा मेहनौन में विधायक विनय कुमार द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड और मानदेय वृद्धि का प्रतीकात्मक चेक वितरित किया।
विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में रसोइयां शामिल हुईं। कार्यक्रम के दौरान उन्हें शासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। लंबे समय से विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार कर रही रसोइयों ने चिकित्सा सुरक्षा की सुविधा मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम में एडी बेसिक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक राजेश सिंह समेत बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और कार्ड एवं प्रतीकात्मक चेक वितरण की प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।
अधिकारियों ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। रसोइयों को दी जा रही चिकित्सा सुविधा और मानदेय वृद्धि से उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा मिलने के साथ ही उनके मनोबल में भी वृद्धि होगी।
कार्यक्रम के दौरान रसोइयों में खासा उत्साह देखने को मिला। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य की जिम्मेदारी संभालने वाली रसोइयों का योगदान महत्वपूर्ण है। शासन की ओर से उनके लिए की गई पहल उनके कार्य के प्रति सम्मान और कल्याण की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।



. 
. 