महर्षि विद्या मंदिर जानकी नगर में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां, छात्र-छात्राओं ने दी देशभक्ति की मनमोहक प्रस्तुतियां
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। महर्षि विद्या मंदिर विद्यालय समूह की इकाई महर्षि विद्या मंदिर, जानकी नगर गोंडा में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस का 80वां पावन पर्व देशभक्ति, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति से ओतप्रोत वातावरण बना रहा और विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की परंपरा के अनुरूप गुरु पूजा एवं गुरु-वंदना के साथ किया गया। विद्यालय के ध्यान शिक्षक एवं शिक्षिकाओं श्री अमर सिंह यादव एवं श्रीमती पूर्णिमा शुक्ला के नेतृत्व में गुरु-वंदना संपन्न हुई। इसके पश्चात विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री विनय कुमार मिश्रा ने विद्यालय के हेड बॉय एवं हेड गर्ल की अगुवाई में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन हुआ। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पूरे उत्साह के साथ राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
इसके उपरांत विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं वरिष्ठ शिक्षकों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान विद्यार्थियों को देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों के संघर्ष और बलिदान से परिचित कराया गया।
रंगारंग प्रस्तुतियों से विद्यार्थियों ने मोहा मन
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय के विभिन्न नन्हे-मुन्ने, जूनियर एवं सीनियर वर्ग के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने गीत, संगीत, नृत्य, भाषण एवं देशभक्ति से जुड़ी विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से आजादी के महत्व को जीवंत कर दिया। मंच पर विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों को देखकर उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं और अभिभावकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में आयुषी, प्रथमेश मिश्रा, वैष्णवी द्विवेदी, मानवी, इच्छा, अनन्या, खुशी, आराध्या, शताक्षी, स्नेहा, निवेदिता, सृष्टि, श्रेया, गुंजा, शगुन, वैष्णवी श्रीवास्तव, शांभवी मिश्रा, आदिका, शुभांगी, एवं राजेश्वर, श्रेया मिश्रा, शिवांश पाठक तथा अनुज्का सिंह सहित अनेक छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रस्तुतियों में प्रतिभाग किया।
इन प्रस्तुतियों में देशभक्ति गीतों, संगीत, नृत्य और भाषणों के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा राष्ट्र के प्रति अपने प्रेम और समर्पण का संदेश दिया। कार्यक्रम में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
वीर शहीदों के बलिदान को हमेशा याद रखने का संदेश
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री विनय कुमार मिश्रा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के महत्व से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि देश को आजादी आसानी से नहीं मिली है। इसके लिए हमारे वीर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश के जवानों ने अपना जीवन, सुख-सुविधाएं और यहां तक कि अपने प्राण तक न्योछावर किए हैं। उन्हीं के त्याग और बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे देश की स्वतंत्रता के महत्व को कभी न भूलें और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति हमेशा श्रद्धा एवं सम्मान का भाव रखें। उन्होंने कहा कि देश के प्रति ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जिम्मेदारी का निर्वहन करना ही सच्चे अर्थों में राष्ट्रभक्ति है।
प्रधानाचार्य ने सभी बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया। साथ ही विद्यालय में पधारे सभी अतिथियों, अभिभावकों और अन्य लोगों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
वरिष्ठ शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को किया प्रेरित
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक श्री विनोद कुमार श्रीवास्तव ने स्वतंत्रता प्राप्ति के मूल मंत्रों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को बताया कि देश को आजादी किस प्रकार प्राप्त हुई और हमारे वीर जवानों एवं स्वतंत्रता सेनानियों ने इसके लिए किस तरह की कुर्बानियां दीं। उन्होंने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे अनगिनत वीरों का संघर्ष और बलिदान है।
उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा देश के विकास में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी ही देश का भविष्य है और विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अपने अंदर राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, सेवा और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करनी चाहिए।
विद्यार्थियों को बताया स्वतंत्रता दिवस का महत्व
विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती मालिनी श्रीवास्तव ने भी अपने संबोधन में स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले वीरों के जीवन से प्रेरणा लेने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिकाओं श्रीमती नलिनी वाजपेई, श्रीमती लतिका पाठक, श्रीमती ज्योति मिश्रा एवं वंदना सिंह समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा।
देशभक्ति के रंग में रंगा रहा विद्यालय परिसर
पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। तिरंगे की शान, राष्ट्रगान की गूंज और विद्यार्थियों की देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने वातावरण को भावपूर्ण बना दिया। छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से न केवल मनोरंजन किया, बल्कि स्वतंत्रता के महत्व और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं एवं कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को मिष्ठान वितरित किया गया। सभी ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों से स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण, प्रेरणादायी और यादगार बन गया।
