श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज में नवनिर्मित पीजी ब्लॉक का भव्य उद्घाटन
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ शोध और नवाचार के अवसर उपलब्ध कराना प्राथमिकता : जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज, गोंडा में नवनिर्मित परास्नातक (पीजी) ब्लॉक का भव्य उद्घाटन सोमवार को हुआ। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंध तंत्र, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने मुख्य अतिथि सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ, स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि नवनिर्मित पीजी ब्लॉक महाविद्यालय की शैक्षणिक यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ेगा। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ शोध एवं नवाचार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उनमें ज्ञान, कौशल और शोध की दृष्टि विकसित करते हुए उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाना है।
उन्होंने छात्र-छात्राओं का आह्वान किया कि वे महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों का अधिकतम उपयोग करें और अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर समर्पित रहें। यही विद्यार्थी आगे चलकर प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, वैज्ञानिक, शोधकर्ता, उद्यमी और राष्ट्र निर्माता की भूमिका निभाएंगे।
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद भी किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखने का अवसर दिया और उनके समाधान के लिए महाविद्यालय प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए।
महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा एवं नवनिर्मित पीजी ब्लॉक के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। प्रबंध समिति की उपाध्यक्ष वर्षा सिंह ने कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम आधारित शिक्षा देना नहीं, बल्कि उन्हें ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व से युक्त व्यक्तित्व के रूप में विकसित करना है।
प्रबंध तंत्र के सचिव उमेश शाह ने कहा कि विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए महाविद्यालय की ओर से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। नवनिर्मित पीजी ब्लॉक इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्राणी विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. अरविंद शर्मा ने किया। महाविद्यालय की मुख्य नियंता प्रो. अमन चंद्रा ने अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
नवनिर्मित पीजी ब्लॉक के उद्घाटन को लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में प्रबंध तंत्र के सभी सदस्य, महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. रेखा शर्मा, डॉ. वंदना भारती, डॉ. अरुण प्रताप सिंह, डॉ. ममता शुक्ला, डॉ. हरीश शुक्ला, डॉ. मनोज मिश्रा, डॉ. अमित शुक्ला, डॉ. अरुण वर्मा, डॉ. मुक्ति टंडन, शरद पाठक एवं रामभरोस का विशेष सहयोग रहा।
