शास्त्री डिग्री कॉलेज में हुआ नए स्टूडेंट्स का स्वागत कार्यक्रम

उत्तर प्रदेश अयोध्या गोंडा
श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का हुआ स्वागत, दीक्षारंभ कार्यक्रम में मिली शैक्षणिक मार्गदर्शन की जानकारी
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

 

Gonda News

सभी संकायों में आयोजित हुआ दीक्षारंभ कार्यक्रम, विद्यार्थियों को अनुशासन, पाठ्यक्रम और करियर संभावनाओं से कराया अवगत
गोंडा, 3 अगस्त। श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज में सोमवार को नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए सभी संकायों में ‘दीक्षारंभ (इंडक्शन) कार्यक्रम’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विभिन्न विभागों, पाठ्यक्रमों, अनुशासन, परीक्षा प्रणाली, छात्र-कल्याण योजनाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का आयोजन प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह के निर्देशन तथा प्रवेश समिति के प्रभारी प्रो. संजय कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में किया गया। कला एवं वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों के लिए महाविद्यालय के मुख्य परिसर स्थित ललिता शास्त्री सभागार में कार्यक्रम आयोजित हुआ, जबकि जीव विज्ञान, गणित, बीसीए, बीबीए एवं बीएससी कृषि के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए विज्ञान संकाय में दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. जय शंकर तिवारी ने मां सरस्वती की वंदना के साथ किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण, नैतिक मूल्यों के विकास और राष्ट्र निर्माण की सशक्त आधारशिला भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन और सकारात्मक सोच को जीवन का हिस्सा बनाने के साथ ही महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. अमन चंद्रा ने विद्यार्थियों को अनुशासन के महत्व और इतिहास के अध्ययन की उपयोगिता से अवगत कराया। अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. अभय कुमार श्रीवास्तव ने परिश्रम एवं निरंतर अध्ययन की आवश्यकता पर बल देते हुए विभिन्न छात्र-कल्याण योजनाओं की जानकारी दी। अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. वीसीएचएनके श्रीनिवास राव ने भाषा-अधिगम और साहित्य के व्यापक उद्देश्यों पर प्रकाश डाला, जबकि समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. शशिबाला ने समाजशास्त्र की उपयोगिता और इस क्षेत्र में उपलब्ध करियर की संभावनाओं की जानकारी दी।
भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो. रंजन शर्मा ने विद्यार्थियों को अनुशासन का पालन करने तथा मोबाइल फोन का संयमित एवं सकारात्मक उपयोग करने की प्रेरणा दी। संस्कृत विभागाध्यक्ष प्रो. मंशाराम वर्मा ने भारतीय संस्कृति और संस्कृत भाषा के महत्व को रेखांकित किया। हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. जय शंकर तिवारी ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने, महाविद्यालय की वेबसाइट का निरंतर अवलोकन करने, गणवेश का पालन करने तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के संबंध में आवश्यक जानकारी दी।
डॉ. अवधेश वर्मा ने विद्यार्थियों को करियर निर्माण के लिए मनोयोगपूर्वक अध्ययन करने की प्रेरणा देते हुए छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। डॉ. बैजनाथ पाल ने राजनीति विज्ञान की परिवर्तनकारी भूमिका पर प्रकाश डाला। रक्षा अध्ययन विभाग के डॉ. सुनील तिवारी ने विद्यार्थियों को पुस्तकों से आत्मीय संबंध स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। एनसीसी प्रभारी डॉ. अमित शुक्ल ने एनसीसी के उद्देश्यों और प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी दी। वहीं डॉ. अरुण वर्मा ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेल एवं शारीरिक शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में सभी विभागाध्यक्षों एवं प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को अपने-अपने विषयों की उपयोगिता, उच्च शिक्षा के अवसरों और रोजगार की संभावनाओं से अवगत कराया। साथ ही महाविद्यालय की अनुशासन व्यवस्था, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, डिजिटल संसाधनों एवं अन्य छात्रोपयोगी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुसंधान तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. हरीश शुक्ल ने किया। नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने दीक्षारंभ कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताते हुए महाविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।

4 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *