पीएम स्वनिधि योजना से लग रहे सपनों को पंख

उत्तर प्रदेश गोंडा
पीएम स्वनिधि अभियान से जुड़ रहे नए स्ट्रीट वेंडर्स, स्वरोजगार को मिलेगी नई उड़ान
विशेष शिविरों के माध्यम से होगा पंजीकरण, ऋण वितरण और डिजिटल भुगतान का प्रशिक्षण
प्रदीप मिश्रा, चीफ रिपोर्टर

Gonda News

गोण्डा। रेहड़ी-पटरी, ठेला, फेरी और छोटे व्यवसाय से जुड़े स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत जनपद में विशेष जागरूकता एवं लाभार्थी चयन अभियान शुरू किया गया है। अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र वेंडर्स को योजना से जोड़कर उन्हें बिना गारंटी के आसान ऋण, डिजिटल लेनदेन की सुविधा तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
परियोजना अधिकारी डूडा एवं उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य छोटे व्यापारियों और स्ट्रीट वेंडर्स को आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके व्यवसाय को नई गति प्रदान करना है। इसी क्रम में जनपद स्तर पर स्वनिधि महोत्सव, नगर निकाय स्तर पर लोक कल्याण मेले तथा विभिन्न सेन्सस टाउन क्षेत्रों में स्वनिधि कैंप आयोजित किए जा रहे हैं।
इन कार्यक्रमों के दौरान स्ट्रीट वेंडर्स को योजना की विस्तृत जानकारी दी जाएगी, उनका पंजीकरण कराया जाएगा तथा पात्र लाभार्थियों को स्वीकृत ऋण वितरित किया जाएगा। साथ ही डिजिटल भुगतान प्रणाली अपनाने के लिए उन्हें प्रशिक्षित और प्रोत्साहित भी किया जाएगा, जिससे वे आधुनिक आर्थिक व्यवस्था से जुड़ सकें।
अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत लाभार्थियों को चरणबद्ध तरीके से ऋण उपलब्ध कराया जाता है। प्रथम चरण में 15 हजार रुपये, द्वितीय चरण में 25 हजार रुपये तथा तृतीय चरण में 50 हजार रुपये तक का ऋण बिना किसी गारंटी के दिया जाता है। समय पर ऋण अदायगी करने वाले लाभार्थियों को अगले चरण में अधिक राशि का ऋण प्राप्त करने का अवसर मिलता है, जिससे उनके व्यवसाय के विस्तार में सहायता मिलती है।
योजना का एक महत्वपूर्ण पहलू डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देना भी है। डिजिटल माध्यम से नियमित भुगतान और लेनदेन करने वाले वेंडर्स को प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। इसके अलावा लाभार्थियों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं से भी जोड़ा जाता है, जिससे उनका समग्र सामाजिक एवं आर्थिक विकास सुनिश्चित हो सके।
डूडा अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान छोटे व्यापारियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल उनकी आय में वृद्धि होगी, बल्कि वे आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकेंगे। अभियान के दौरान आयोजित विशेष शिविरों में नए वेंडर्स का सर्वेक्षण, पंजीकरण, ऋण आवेदन की प्रक्रिया तथा डिजिटल भुगतान संबंधी प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
परियोजना अधिकारी ने जनपद के सभी पात्र स्ट्रीट वेंडर्स से अपील की है कि वे अपने निकटतम नगर निकाय कार्यालय, स्वनिधि शिविर स्थल अथवा डूडा कार्यालय से संपर्क कर प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ उठाएं और अपने व्यवसाय को नई दिशा देते हुए आर्थिक सशक्तीकरण की ओर कदम बढ़ाएं।

2 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *