जिलाधिकारी ने की जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक,संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश
*जनपद के सभी मुख्य मार्गों एवं सड़कों पर लगाए जाएं संकेतक बोर्ड-जिलाधिकारी*
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
*गोण्डा।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विभिन्न बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा एवं समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद की सभी प्रमुख सड़कों एवं मार्गों पर आवश्यक संकेतक बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि इन संकेत बोर्डों पर निकटतम अस्पताल, पुलिस स्टेशन, फायर स्टेशन एवं अन्य आवश्यक सेवाओं की दूरी स्पष्ट रूप से अंकित की जाए, ताकि दुर्घटना अथवा आपात स्थिति में लोगों को तत्काल सहायता प्राप्त करने में सुविधा हो सके।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग, पुलिस विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में दुर्घटना संभावित स्थलों अर्थात ब्लैक स्पॉट्स को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित किया जाए। चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक उपाय, जैसे चेतावनी बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर, स्ट्रीट लाइट एवं रोड मार्किंग आदि सुनिश्चित किए जाएं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
बैठक में सड़क सुरक्षा अभियान को जन-जागरूकता से जोड़ने पर भी विशेष बल दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि यातायात नियमों के प्रति आमजन, विशेषकर युवाओं एवं वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाए। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में भी सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क दुर्घटनाओं की नियमित समीक्षा की जाए तथा दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों का विश्लेषण कर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही अवैध एवं गलत तरीके से खड़े वाहनों, ओवरलोडिंग तथा तेज गति से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव एवं प्रगति आख्या प्रस्तुत की।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनपद में सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी श्रीमती रिंकी जायसवाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी सिटी आनंद कुमार राय, पुलिस क्षेत्राधिकारी विनय कुमार सिंह, एआरटीओ प्रशासन आर.सी. भारतीय सहित सभी संबंधित विभाग अधिकारीगण उपस्थित रहे।