राजन जी महाराज की श्रीराम कथा में उमड़ा जनसैलाब, दूसरे दिन हजारों श्रद्धालुओं की रही भीड़
ब्लॉक प्रमुख भवानी भीख शुक्ला ने महाप्रभु श्री राम दरबार समेत उतारी कथा व्यास और पूज्य राजन जी महाराज की आरती
प्रदीप मिश्रा, वरिष्ठ संवाददाता

Gonda News :
गोंडा। कौड़िया बाजार क्षेत्र के सम्मय माता मंदिर पैड़ीबरा में चल रही नौ दिवसीय श्रीराम कथा में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। कथा के दूसरे दिन सोमवार को हजारों की संख्या में श्रद्धालु कथा स्थल पर पहुंचे, जिससे पूरा परिसर भक्ति और श्रद्धा के वातावरण में डूबा नजर आया। कथा वाचक राजन जी महाराज के मुखारविंद से प्रवाहित हो रही श्रीराम कथा को सुनने के लिए दूर-दराज के गांवों और जनपदों से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
मुख्य आयोजक एवं कटरा बाजार ब्लॉक प्रमुख भवानी भीख शुक्ला ने बताया कि 3 मई की शाम 5 बजे से कथा का शुभारंभ हुआ था और तब से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा का श्रवण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कथा में भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा और धर्म के विभिन्न पहलुओं का विस्तार से वर्णन किया जा रहा है, जिससे श्रोताओं को आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त हो रही है।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन में देवीपाटन मंडल के सभी जिलों के अलावा आसपास के अन्य जनपदों से भी श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है। कथा की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए प्रदेश सरकार के कई कैबिनेट मंत्रियों को भी आमंत्रण भेजा गया है, जिनके आगामी दिनों में कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।
कथा स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कलश यात्रा के दौरान जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती रही और पुलिस के वाहन काफिले के आगे-पीछे सुरक्षा में लगे रहे। प्रशासन की सक्रियता के चलते पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
मौसम की अनिश्चितता को ध्यान में रखते हुए आयोजकों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। विशाल पंडाल, बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं को मजबूत किया गया है, ताकि किसी को कोई परेशानी न हो।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी भी लगातार बढ़ रही है। पहले दिन क्षेत्रीय विधायक प्रेम नारायण पांडे ने कथा स्थल पहुंचकर भगवान राम दरबार की आरती उतारी थी, जबकि दूसरे दिन पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी ने कथा में शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त किया। इसके अलावा पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे समेत कई गणमान्य लोगों ने भी कथा में उपस्थिति दर्ज कराई।
पूरे आयोजन में भक्ति, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। कथा स्थल पर गूंजते भजन, जयकारों और धार्मिक वातावरण ने पूरे क्षेत्र को राममय बना दिया है। आयोजक समिति के शंकर भगवान शुक्ला, ऋषि शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारियों की सक्रिय भूमिका से कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रहा है।