यूपी बोर्ड परीक्षा कराने की तैयारियों में प्रशासन ने झोंकी ताकत

गोंडा उत्तर प्रदेश
यूपी बोर्ड परीक्षा कराने की तैयारियों में प्रशासन ने झोंकी ताकत
परीक्षार्थियों की नेम स्लिप लगाने में जुटा विद्यालय प्रशासन, सोशल मीडिया पर वायरल खबरों पर भी नजर
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता*

Gonda News

गोंडा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा बुधवार से शुरू हो रही है। परीक्षा को सकुशल एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन के साथ-साथ विद्यालय प्रशासन भी पूरी तरह मंगलवार को सक्रिय दिखा। परीक्षार्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए विद्यालयों में नेम स्लिप लगाने का कार्य किया गया।
जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर कक्षवार परीक्षार्थियों की सूची चस्पा की जा रही है, जिससे छात्र-छात्राओं को अपनी सीट ढूंढने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। विद्यालय प्रशासन द्वारा कक्षों में रोल नंबर के अनुसार नेम स्लिप लगाने का कार्य मंगलवार देर शाम तक जारी रहा।
राजकीय इन्टर कालेज गोंडा के प्रधानाचार्य सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। परीक्षार्थियों को समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचने, एडमिट कार्ड साथ लाने तथा अनुशासन का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर साफ-सफाई, पेयजल और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
विद्यालय के शिक्षक अभिजीत सिंह, ऋषि कुमार शुक्ल, रमेश शुक्ल एवं राजवर्धन श्रीवास्तव ने छात्रों को अंतिम समय में घबराने के बजाय आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि छात्र निर्धारित समय सारिणी के अनुसार पुनरावृत्ति करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
इधर, सोशल मीडिया पर परीक्षा से संबंधित कुछ भ्रामक एवं वायरल खबरों का भी संज्ञान लिया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक सूचनाओं को ही मान्य समझें। परीक्षा की गोपनीयता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है।
जिला स्तर पर सचल दलों का गठन किया गया है, जो परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। साथ ही, संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। नकल रोकने के लिए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था भी की गई है।
परीक्षा शुरू होने से पूर्व विद्यालय प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों ने सभी तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जा सके।

10 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *