प्रमोशन में देरी पर अब आर-पार की तैयारी, शिक्षकों नेताओं ने बुलंद की आवाज; 7 नवंबर तक प्रक्रिया पूरी करने का अल्टीमेटम
पदोन्नति में देरी पर शिक्षकों का आक्रोश, सैकड़ों शिक्षकों ने सौंपा ज्ञापन
सिटी मजिस्ट्रेट ने बीएसए को फोन कर निर्धारित समय में प्रक्रिया पूरी करने के दिए निर्देश, बीएसए ने भी दिया आश्वासन
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News
गोंडा। शिक्षकों की लंबित पदोन्नति को लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने अब आर-पार की लड़ाई का रुख अख्तियार कर लिया है। पदोन्नति प्रक्रिया को निर्धारित समयसीमा 7 नवंबर 2026 तक पूरा कराने की मांग को लेकर मंगलवार को सैकड़ों शिक्षक सड़क पर उतरे। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के कार्यकारी जिलाध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव के नेतृत्व में शिक्षकों ने जिला प्रशासन के समक्ष अपनी मांग बुलंद करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान शिक्षकों ने पदोन्नति प्रक्रिया में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी कराने की मांग की। शिक्षकों की मांग पर सिटी मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को फोन किया और 7 नवंबर तक पदोन्नति प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए। प्रशासन की इस पहल के बाद शिक्षकों ने अपनी मांग को लेकर आगे की वार्ता के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय का रुख किया।
महासंघ का प्रतिनिधिमंडल जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मिला और पदोन्नति से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि शिक्षकों की पदोन्नति लंबे समय से लंबित है और अब इसे और टालना उचित नहीं है। इस पर बीएसए ने निर्धारित समयसीमा के भीतर पदोन्नति प्रक्रिया पूरी कराने का आश्वासन दिया।
शिक्षकों का कहना था कि पदोन्नति केवल पद परिवर्तन का मामला नहीं, बल्कि उनकी वर्षों की सेवा, वरिष्ठता और विभागीय अधिकारों से जुड़ा विषय है। इसलिए इस प्रक्रिया में अनावश्यक देरी शिक्षकों के हितों को प्रभावित करती है। महासंघ ने प्रशासन से आश्वासन को समयबद्ध कार्रवाई में बदलने की अपेक्षा जताई। इस अवसर पर पदोन्नति संघर्ष समिति के संयोजक सूर्यमणि पाण्डेय, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के मंडलीय महामंत्री गजाधर सिंह, जिला कोषाध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव, महिला संवर्ग की जिलाध्यक्ष सुनीता गुप्ता, संयुक्त महामंत्री आनंद प्रताप सिंह, जिला उपाध्यक्ष भास्कर दूबे, जिला मंत्री अनुपम मिश्रा, जितेंद्र कुमार तिवारी, संयुक्त मंत्री शिवार्चन सिंह, जिला ऑडिटर राजेंद्र कुमार शुक्ला, ब्लॉक कटरा के अध्यक्ष दीपक श्रीवास्तव, बेलसर के मंत्री मनोज कुमार शुक्ला, ब्लॉक कटरा के उपाध्यक्ष मो. अहमद, ब्लॉक बेलसर के मीडिया प्रभारी संजय कुमार श्रीवास्तव, ब्लॉक इटियाथोक के मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार वर्मा, ललित मिश्र, आशीष जौहरी, पवन पाण्डेय, दिनेश चंद्र पाल, यशपाल सिंह सहित सैकड़ों शिक्षक मौजूद रहे। महासंघ ने दो टूक कहा कि शिक्षकों की पदोन्नति का मामला अब और लंबित नहीं रहना चाहिए। अब सभी की निगाहें 7 नवंबर की निर्धारित समयसीमा पर टिकी हैं।
.
.
