गोंडा पहुंचे सीएम योगी, विकास योजनाओं की समीक्षा की

उत्तर प्रदेश गोंडा
4901.65 करोड़ की विकास परियोजनाओं को मुख्यमंत्री की मंजूरी, मां पाटेश्वरी धाम सहित 13 प्रमुख धार्मिक मार्गों का होगा कायाकल्प
देवीपाटन और बस्ती मंडल की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी ने देखी विकास कार्यों की प्रगति, ग्रामीण सड़कों से लेकर पुलों और हेलीपैड निर्माण तक को मिली स्वीकृति
प्रदीप मिश्रा, चीफ रिपोर्टर

Gonda News
गोंडा, 19 जून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने शुक्रवार को महज 13 दिन बाद दूसरी बार गोंडा पहुंचकर देवीपाटन और बस्ती मंडल की विकास परियोजनाओं की व्यापक समीक्षा की। अपने लगभग दो घंटे के दौरे के दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग की 4901.65 करोड़ रुपये लागत की एक हजार से अधिक विकास परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की। इनमें धार्मिक, ग्रामीण एवं औद्योगिक क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को मजबूत करने वाले कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने महाराजा सुहेलदेव सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजे गए विकास प्रस्तावों का प्रस्तुतीकरण देखा और विभिन्न परियोजनाओं पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। बैठक में देवीपाटन मंडल के गोंडा, बलरामपुर, बहराइच और श्रावस्ती के साथ-साथ बस्ती मंडल के बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर जनपदों की परियोजनाओं की समीक्षा की गई।
मां पाटेश्वरी शक्तिपीठ से मखौड़ा धाम तक बनेगा बेहतर संपर्क मार्ग
मुख्यमंत्री ने धार्मिक पर्यटन और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए देवीपाटन मंडल के मां पाटेश्वरी देवी शक्तिपीठ, स्वामीनारायण मंदिर तथा बस्ती मंडल के मखौड़ा धाम समेत अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाले 13 महत्वपूर्ण मार्गों के विकास को स्वीकृति प्रदान की। इन मार्गों के निर्माण और सुदृढ़ीकरण से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के 810 कार्यों को मिली स्वीकृति
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सर्वाधिक 810 परियोजनाओं को मंजूरी दी। इन परियोजनाओं पर लगभग 1472.83 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में 1602 किलोमीटर लंबी नई एवं सुदृढ़ सड़कें विकसित की जाएंगी।
इसके अतिरिक्त दर्जनों संपर्क मार्गों के चौड़ीकरण, मजबूतीकरण एवं विशेष मरम्मत कार्यों को भी स्वीकृति दी गई। मुख्यमंत्री ने गड्ढामुक्त अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
हर विधानसभा क्षेत्र के 50 करोड़ रुपये के प्रस्तावों पर हुआ मंथन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोनों मंडलों की 33 विधानसभा क्षेत्रों से प्राप्त विकास प्रस्तावों का प्रस्तुतीकरण देखा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लगभग 50 करोड़ रुपये लागत वाले विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद किया।
उन्होंने सड़क, पुल, सेतु, संपर्क मार्ग, नगरीय एवं ग्रामीण आधारभूत ढांचे के विकास तथा पिछड़े एवं आकांक्षी क्षेत्रों में संचालित परियोजनाओं की विशेष रूप से समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
औद्योगिक क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत करने पर जोर
बैठक में दो राज्य राजमार्गों के विकास, औद्योगिक क्षेत्रों को बेहतर संपर्क सुविधा प्रदान करने, 81 लघु सेतु तथा सात बड़े पुलों के निर्माण को मंजूरी दी गई। शहरी क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए बाईपास मार्ग, ओवरब्रिज और सड़क सुरक्षा से जुड़ी परियोजनाओं को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में 12 हेलीपैड निर्माण कार्यों को भी मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री ने विभिन्न संपर्क मार्गों के चौड़ीकरण एवं विशेष मरम्मत कार्यों की अद्यतन स्थिति की भी जानकारी ली।
महाराजा सुहेलदेव की प्रतिमा का अनावरण, सभागार का नामकरण

गोंडा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने आयुक्त सभागार परिसर में महाराजा सुहेलदेव की प्रतिमा का अनावरण किया तथा कमिश्नर सभागार का नामकरण महाराजा सुहेलदेव के नाम पर किए जाने की घोषणा की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महाराजा सुहेलदेव के शौर्य और राष्ट्ररक्षा में उनके योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भारतीय इतिहास का प्रेरणास्रोत बताया।
राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर दिए कड़े संकेत
गोंडा से अयोध्या रवाना होने से पूर्व मुख्यमंत्री ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण को गंभीरता से लिए जाने के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वर्तमान में इस प्रकरण की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा की जा रही है।
बार एसोसिएशन पदाधिकारियों की नाराजगी के बाद हुई मुलाकात
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों को प्रारंभ में सुरक्षा कारणों से मिलने की अनुमति नहीं दी गई, जिससे अधिवक्ताओं में नाराजगी दिखाई दी। कुछ अधिवक्ता धरने पर भी बैठ गए। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रविचंद्र त्रिपाठी और अन्य पदाधिकारियों की मुख्यमंत्री से मुलाकात कराई गई। इस दौरान अधिवक्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन मुख्यमंत्री को सौंपा।
लोक निर्माण विभाग के कार्यों पर विशेष नजर
मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने लंबित परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश देते हुए गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने की चेतावनी दी।
बैठक में देवीपाटन मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल सहित दोनों मंडलों के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं तकनीकी अधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री अयोध्या के लिए रवाना हो गए।
मुख्य बिंदु
4901.65 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को मंजूरी
मां पाटेश्वरी धाम सहित 13 धार्मिक संपर्क मार्गों का विकास
मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के 810 कार्य स्वीकृत
1602 किमी ग्रामीण सड़कों का निर्माण होगा
81 लघु सेतु और 7 बड़े पुलों को मंजूरी
12 ग्रामीण हेलीपैड निर्माण कार्य स्वीकृत
महाराजा सुहेलदेव की प्रतिमा का अनावरण और सभागार का नामकरण
बार एसोसिएशन प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण में सख्त कार्रवाई के संकेत।
9 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *