मृतक आश्रित शिक्षणेत्तर कर्मियों के समस्या निस्तारण की उठी मांग

उत्तर प्रदेश गोंडा
मृतक आश्रित शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की समस्याएं मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की मांग
विधायक अजय सिंह को सौंपा दो सूत्रीय ज्ञापन, कैशलेस चिकित्सा सुविधा व पदोन्नति के अवसर बढ़ाने की उठाई मांग
प्रदीप मिश्रा, चीफ रिपोर्टर

Gonda
गोंडा, 13 जून। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक मृतक आश्रित शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ ने अपनी लंबित मांगों के समाधान के लिए शनिवार को करनैलगंज विधायक अजय सिंह से मुलाकात कर मुख्यमंत्री को संबोधित दो सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। संघ के पदाधिकारियों ने विधायक से मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने और उनके शीघ्र निस्तारण के लिए प्रभावी पहल करने का अनुरोध किया।
संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश प्रताप मिश्र के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बेसिक शिक्षा परिषद में कार्यरत मृतक आश्रित शिक्षणेत्तर कर्मचारी वर्षों से कई महत्वपूर्ण सुविधाओं से वंचित हैं। विधायक अजय सिंह ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि वह उनकी मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने के साथ स्वयं भी इस संबंध में प्रयास करेंगे, ताकि कर्मचारियों को न्याय मिल सके।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई कि शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्य सरकार द्वारा शिक्षकों से लेकर रसोइयों तक को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ प्रदान किया गया है, लेकिन शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर कार्यरत समूह ‘घ’ कर्मचारियों को इससे बाहर रखा गया है। संघ का कहना है कि नियमित सेवा देने के बावजूद उन्हें इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा से वंचित रखना उचित नहीं है।
दूसरी प्रमुख मांग पदोन्नति और सेवा संबंधी सुविधाओं को लेकर उठाई गई। संगठन का कहना है कि आउटसोर्सिंग, संविदा एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की बढ़ती नियुक्तियों के कारण नियमित शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के पदोन्नति के अवसर लगातार सीमित होते जा रहे हैं। परिणामस्वरूप अनेक कर्मचारी वर्षों तक एक ही पद पर कार्य करने के बाद सेवानिवृत्त हो जाते हैं। संघ ने योग्य एवं अनुभवी कर्मचारियों को उच्च पदों पर समायोजित करने तथा रिक्त पदों पर शीघ्र पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है।
ज्ञापन में अर्जित अवकाश का लाभ, तृतीय श्रेणी पदों पर समायोजन, विभागीय परीक्षाओं के माध्यम से पदोन्नति के अवसर उपलब्ध कराने तथा मृतक आश्रित कर्मचारियों को शिक्षकों की भांति ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अंतरजनपदीय स्थानांतरण सुविधा प्रदान करने की मांग भी शामिल है।
इस अवसर पर संघ के जिलाध्यक्ष हरीश कुमार मिश्र, जिला महामंत्री प्रदीप कुमार उपाध्याय, कोषाध्यक्ष बिष्णु गुप्ता, जिला सचिव सुनील श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
संघ पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को राहत प्रदान करेगी तथा लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान करेगी।

2 / 100 SEO Score
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *