शास्त्री डिग्री कॉलेज में हुआ वैज्ञानिक व्याख्यान, वैज्ञानिकों ने कहा कि कीट प्रबंधन से बढ़ेगी फसलों की उत्पादकता, रसायनों के दुष्प्रभाव पर जताई चिंता
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News :
गोंडा। श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज के विज्ञान संकाय में जंतु विज्ञान विभाग, कृषि संकाय एवं आईक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में कीट प्रबंधन विषय पर एक महत्वपूर्ण वैज्ञानिक व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य प्रो. आरके पांडे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें विशेषज्ञों ने कृषि उत्पादन और खाद्य सुरक्षा पर कीटों के प्रभाव को लेकर गंभीर चिंतन प्रस्तुत किया।
मुख्य वक्ता के रूप में बीएसएन पीजी कॉलेज, लखनऊ के जंतु विज्ञान विभाग के प्रोफेसर अशोक कुमार ने कहा कि भारत में प्रतिवर्ष लगभग 30 प्रतिशत कृषि उत्पादन हानिकारक कीटों के कारण नष्ट हो जाता है, जो खाद्य सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती है। उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक कीट प्रबंधन अपनाकर न केवल उत्पादन में वृद्धि की जा सकती है, बल्कि फसल की गुणवत्ता भी कई गुना बेहतर की जा सकती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. अरविंद कुमार शर्मा ने विषय की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में रासायनिक कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग से खाद्य श्रृंखला में हानिकारक तत्व शामिल हो रहे हैं, जिससे कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। ऐसे में किसानों को रसायनों के बजाय वैकल्पिक एवं सुरक्षित कीट प्रबंधन तकनीकों की ओर प्रेरित करना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम का संचालन कृषि विभाग के डॉ. करूनेश दुबे ने किया, जबकि डॉ. शिशिर त्रिपाठी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर डॉ. संजय कुमार, आनंद चतुर्वेदी, अमित दुबे एवं मानसी पांडे का सहयोग सराहनीय रहा।
