महर्षि विद्या मंदिर जानकी नगर में हर्षोल्लास से मनाई गई बसंत पंचमी
नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती पर किए गए याद
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोंडा। महर्षि विद्यालय समूह की इकाई महर्षि विद्या मंदिर, जानकी नगर गोंडा में महर्षि विश्व शांति आंदोलन के तत्वावधान में शुक्रवार को वीणापाणि मां सरस्वती एवं भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के महानायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर बसंत पंचमी का पर्व हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महर्षि परंपरा के अनुसार गुरु-पूजन, गुरु-वंदना, प्राणायाम एवं ध्यान के साथ किया गया। इसके उपरांत गांधी विद्या मंदिर इंटर कॉलेज भैया रघुराम स्मारक इंटर कॉलेज, गोंडा) से पधारे मुख्य अतिथि ब्रजेश शुक्ला एवं देवनारायण मिश्रा ने वर्ष 2026 की ज्ञान पत्रिका का विमोचन किया तथा मां सरस्वती एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम को गति प्रदान की।
इस अवसर पर मां सरस्वती का विधिवत पूजन-अर्चन एवं वंदन किया गया। साथ ही विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा भाषण, सामूहिक नृत्य, सामूहिक संगीत एवं भजन की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम में निवेदिता मिश्रा, तृप्ति शुक्ला, स्वाती शुक्ला, श्रेया मिश्रा, अनुष्का सिंह, शांभवी, इला, अंशिका, वैष्णवी द्विवेदी, खुशी सहित अन्य विद्यार्थियों ने मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थितजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विनय कुमार मिश्रा ने अपने संबोधन में मां सरस्वती की महिमा का गुणगान करते हुए कहा कि विद्या से ही जीवन में विवेक, संस्कार और सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है। वहीं सहायक अध्यापिका पूजा पाठक ने विद्यार्थियों से मां सरस्वती के प्रति श्रद्धा रखते हुए निरंतर पठन-पाठन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। वरिष्ठ शिक्षिकाएं नलिनी बाजपेई, लतिका पाठक एवं मालिनी श्रीवास्तव का विशेष सहयोग रहा। अंत में प्रधानाचार्य विनय कुमार मिश्रा एवं सहायक अध्यापिका नलिनी बाजपेई ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ।
