महिला मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश, जनसुनवाई से लेकर संस्थानों तक किया निरीक्षण
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता*
Gonda News

गोण्डा, 07 जनवरी।
उप्र राज्य महिला आयोग की सदस्य ऋतु शाही ने बुधवार को जनपद भ्रमण के दौरान महिला सम्बन्धी प्रकरणों के समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण पर जोर दिया। सर्किट हाउस में आयोजित जनसुनवाई के दौरान उन्होंने महिलाओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में कुल 12 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें घरेलू विवाद, उत्पीड़न, पारिवारिक कलह और सामाजिक समस्याएं शामिल रहीं। इनमें से तीन प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया, जबकि शेष मामलों में निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए गए। आयोग की सदस्य ने स्पष्ट कहा कि पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके बाद उन्होंने विकास खण्ड झंझरी स्थित जिला ग्राम्य विकास संस्थान में नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के सात दिवसीय आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। प्रशिक्षण की गुणवत्ता, पाठ्यक्रम और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और मातृ-शिशु देखभाल से जुड़े कार्यों को पूरी जिम्मेदारी के साथ करने की बात कही।
आयोग की सदस्य ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र काजीदेवर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकीय स्टाफ की उपलब्धता, लैब, सैम्पल कलेक्शन कक्ष, एक्स-रे, इमरजेंसी, टीकाकरण, प्रसव कक्ष, परामर्श कक्ष और ऑपरेशन थिएटर का जायजा लिया। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
इसके पश्चात जिला कारागार की महिला बैरक, जिला महिला चिकित्सालय और वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।

इस मौके पर जिला महिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गौरव स्वर्णकार, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार, संरक्षण अधिकारी चन्द्रमोहन वर्मा, दीपशिखा शुक्ला सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
