नवाबगंज में अवैध शराब पर आबकारी महकमे ने किया बड़ा प्रहार, 200 लीटर कच्ची शराब व 5000 किलो लहन नष्ट, 8 पर कार्रवाई
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोण्डा।
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के निर्देशों के क्रम में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नवाबगंज क्षेत्र में आबकारी विभाग एवं थाना नवाबगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। जैतपुर मांझा एवं दुर्गागंज गांवों में छापेमारी कर करीब 200 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई, जबकि लगभग 5000 किलोग्राम लहन को मौके पर नष्ट कराया गया। इस कार्रवाई में अवैध शराब निर्माण में संलिप्त 8 लोगों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही की जा रही है।
संयुक्त टीम ने दोनों गांवों में नदी किनारे व झाड़ियों में छिपाकर बनाई जा रही अवैध शराब की भट्टियों को चिन्हित किया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध शराब बनाने की भट्टियों तथा लहन से भरे गड्ढों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया, जिससे दोबारा अवैध गतिविधि संचालित न हो सके।
जिला आबकारी अधिकारी प्रगल्भ लवानिया ने बताया कि “जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देश हैं कि जनपद में किसी भी दशा में अवैध शराब का निर्माण, भंडारण एवं बिक्री नहीं होने दी जाएगी। इसी क्रम में आबकारी विभाग पुलिस के साथ मिलकर लगातार छापेमारी कर रहा है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।”
उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध शराब निर्माण या बिक्री की सूचना मिले तो तत्काल प्रशासन अथवा आबकारी विभाग को सूचित करें, सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।

प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।