नवागत बीएसए अमित सिंह ने संभाली कमान
कहा—स्कूलिंग व्यवस्था में सुधार होगी शीर्ष प्राथमिकता

प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
गोंडा। शासन से तैनाती के बाद नवागत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने शनिवार को गोंडा पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर लिया। प्रभारी बीएसए एवं डीआईओएस डॉ. रामचंद्र ने उन्हें औपचारिक रूप से पदभार सौंपा। पूर्व बीएसए अतुल कुमार तिवारी अनियमितताओं के आरोपों के चलते निलम्बित चल रहे हैं तथा उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज है। उनके निलम्बन के बाद जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने अस्थायी रूप से डीआईओएस डॉ. रामचंद्र को बीएसए का चार्ज सौंपा था। चार्ज लेने के बाद नवागत बीएसए अमित कुमार सिंह ने विभागीय कर्मियों से संक्षिप्त परिचयात्मक बैठक की। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि शासन के प्राथमिकता वाले सभी कार्यक्रमों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी। उन्होंने कहा कि जिले में स्कूलिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए वे गंभीरता से काम करेंगे।